राज्यस्पेशल

आम लोगों तक नहीं पहुंचेगा ‘आम’! … बेमौसम बरसात ने हापुस को बनाया ‘खास’ फल

SG     

मिर्च में भी लगेगा महंगाई का तड़का
• हजारों एकड़ की फसलें हुईं नष्ट
 मुंबई
इन दिनों किसान एक तरफ उपनी उपज का सही दाम नहीं मिलने से परेशान हैं तो दूसरी तरफ बेमौसम की बारिश से उनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं। आम का मौसम आ चुका है, पर प्राकृतिक आपदा और बेमौसम की बरसात के कारण इस बार लगता है कि आम लोगों तक यह ‘आम’ नहीं पहुंच पाएगा। आम के काफी फल बर्बाद हो गए हैं। बेमौसम की इस बरसात ने इस हापुस को भी ‘खास’ फल बना दिया है।
बता दें कि मुंबई से सटे पालघर में काफी बड़ी संख्या में किसान खेती करते हैं। इनमें फल व सब्जियों की खेती प्रमुख है। बेमौसम की बरसात में फल व सब्जियों की बड़ी मात्रा नष्ट हो गई है। इससे इन फलों व सब्जियों के दाम महंगे हो जाएंगे।

तेज हवाओं और बेमौसम की बरसात से सब्जियों की फसल चौपट!

पालघर में बड़ी संख्या में मिर्च व शिमला मिर्च की खेती की गई है। तेज हवाओं के साथ हुई बेमौसम की बरसात से पालघर जिले के ५४१ गांवों के हजारों किसानों की फसलें बड़े पैमाने पर खराब हुई हैं। आम के वृक्षों पर लगे छोटे आकार के आम बारिश के कारण पेड़ों से नीचे गिर गए हैं। इसके चलते आम बगान के किसानों को भारी नुकसान हुआ है। किसान गणपत पाटील ने बताया कि उन्होंने अपने दो एकड़ में सब्जियों की खेती की थी, लेकिन बारि‍श से सब्जी की पूरी फसल चौपट हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बेमौसम बारिश के कारण लगभग २,११७.४८ हेक्टेयर फसल को नुकसान पहुंचा है और करीब ८,८३६ किसान प्रभावित हुए हैं।
पालघर, तलासरी, वसई तालुका में भी किसानों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन अभी यहां का आकलन नहीं हो सकने की बात कही जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सर्वे के बाद आनेवाली रिपोर्ट में प्रभावित किसानों की संख्या और बढ़ सकती है

कर्मचारियों की हड़ताल से बेहाल किसान
पुरानी पेंशन की मांग को लेकर सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। इस हड़ताल से आम लोगों को खासी परेशानी हो रही है। पालघर जिले में सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल से किसान प्रभावित हुए हैं। जिले में दूसरी बार बेमौसम बारिश से हुए नुकसान का पंचनामा बंद कर दिया गया है। राजस्व विभाग के कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से पंचनामे पर ब्रेक लग गया है। किसानों की मांग है कि जल्द-से-जल्द पंचनामा किया जाए।बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। हरी और शिमला मिर्च के फूल गिर गए और फंगस की चपेट में सब्जियों की फसल आ गई है, जिससे दवाइयों का खर्च बढ़ गया है। किसानों के नुकसान का जल्द-से-जल्द पंचनामा किया जाए।
वैभव पाटील, किसान वानगांव

किसानों के नुकसान का पंचनामा करने का आदेश दिया गया है। प्रभावित किसानों की रिपोर्ट तैयार कर जल्द शासन को भेजी जाएगी।
-दिलीप नेरकर, जिला कृषि अधिकारी, पालघर

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram