राज्य

युवा नेतृत्व की वैश्विक छलांग : आदित्य ठाकरे ‘यंग ग्लोबल लीडर्स’ की सूची में शामिल!

SG

दुनियाभर से तारीफ की वर्षा
 मुंबई
महाराष्ट्र के होनहार युवा नेतृत्व आदित्य ठाकरे ने वैश्विक छलांग लगाई है। ‘द वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम’ ने कल २०२३ के ‘यंग ग्लोबल लीडर्स’ के नामों की घोषणा की। इस सूची में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता, युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे का नाम शामिल किया गया है। इस उपलब्धि के बाद दुनियाभर से आदित्य ठाकरे पर तारीफ और बधाइयों की वर्षा हो रही है।
इस साल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम ने ‘यंग ग्लोबल लीडर्स क्लास’ में ४० साल से कम उम्र के करीब १०० लोगों को चुना है। सूची में समाज, देश और दुनिया में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन के लिए काम करनेवाले सूची में नेता, व्यापारी, क्रांतिकारी शोधकर्ता, दूरदर्शी कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। इस सूची में विभिन्न समूहों से छह भारतीयों का चयन किया गया है। ‘सार्वजनिक हस्तियों’ में आदित्य ठाकरे, भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधुकेश्वर देसाई शामिल हैं। उद्योग समूह में जियो हैप्टिक टेक्नोलॉजी के सह-संस्थापक आकृत वैश, टीवीएस मोटर के प्रबंध निदेशक सुदर्शन वेणु, बायोजेन इंडिया के कार्यकारी निदेशक विबिन बी. जोसफ, तन्वी रत्ना का नाम थिंक टैंक ग्रुप में है।
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम संस्था की स्थापना २००४ में हुई थी। यह फोरम दुनियाभर के प्रमुख मुद्दों को हल करने के लिए काम करता है। उसके लिए बेहतरीन लोगों का एक विविध समूह बनाया गया है। इसमें १,४०० सदस्य और १२० से अधिक देशों के पूर्व छात्र शामिल हैं।