Wednesday, April 23, 2025

राज्य

जल निगम अधिकारी को हनीट्रैप में फंसाकर मांगी 15 लाख की फिरौती, मथुरा ट्रिप के दौरान महिला ने बना लिए थे कई वीडियो

A ransom of 15 lakhs was demanded by trapping a Jal Nigam officer in a honeytrap

ग्रेटर नोएडा। बीटा दो कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर में रहने वाले दिल्ली जल निगम अधिकारी को हनीट्रैप में फंसा कर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि महिला ने अपने दोस्तों को फर्जी पुलिस के रूप में भेजकर पीड़ित को धमकाया और उस पर फिरौती की रकम देने का दबाव बनाया। आरोपितों ने करीब दो लाख की वसूली कर भी ली थी।
इसी बीच पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने आरोपित महिला नीरज व उसके साथी को गिरफ्तार किया है। डीसीपी महिला सुरक्षा वृंदा शुक्ला ने बताया कि पीड़ित जल निगम में कार्यरत हैं। कुछ दिनों पहले पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की थी कि उसको एक महिला पिछले कई दिनों से परेशान कर रही है। महिला ने उसको हनीट्रैप में फंसाया था।
महिला उसके साथ मथुरा भी घूमने गई थी। वहां उसने कई अलग-अलग तरह के वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपित महिला 15 लाख रुपये की मांग कर रही थी। जिसमें से करीब दो लाख रुपये आरोपित महिला ने वसूल लिया था। अन्य शेष रकम नहीं मिलने पर महिला ने जल निगम अधिकारी को बदनाम करने की धमकी दी थी।
पीड़ित ने परेशान होकर पुलिस से मामले की शिकायत की थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित महिला नीरज और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपितो के कब्जे से वसूली की करीब 50 हजार की रकम बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान पता चला है कि पिछले दो साल से आरोपित हनीट्रैप का धंधा कर रहे थे। पुलिस आरोपितों से गहनता से पूछताछ कर रही है।