राज्य

पुलिस में 1700 सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू : धामी

उत्तराखंड पुलिस में 1700 सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया तेजी से पूरी कराई जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह जानकारी दी है। उन्होंने पुलिस को उत्तराखंड का ब्रांड एम्बेसडर बताया और कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए पुलिस मददगार बने।

मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून में आईआरबी प्रशासनिक भवन का लोकार्पण एवं द्वितीय चरण के भवनों का शिलान्यास किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में चार धाम यात्रा चरम पर है, ऐसे में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि से अच्छा संदेश लेकर जाएं, यह सबकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन प्रदेश है और पुलिस हमारी ब्रांड एंबेसडर है। पुलिस के ध्येय वाक्य मित्रता, सेवा और सुरक्षा को चरितार्थ करने के लिए पूरे मनोयोग से काम करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चार धाम यात्रा पर निगरानी रख रही है। बीते 2 साल में कोविड संक्रमण के कारण यात्रा नहीं हुई, ऐसे में इस बार यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ गई है। चार धाम यात्रा हमारी चुनौती है, लेकिन सरकार इसे सुव्यवस्थित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। चारधाम यात्रा शुरू होने से पूर्व यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। चारधाम यात्रा से जुड़े सभी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बीते कुछ समय में चार धाम यात्रा में जितनी भी घटनाएं हुई हैं, वह यात्रा में अव्यवस्था एवं भगदड़ मचने से नहीं बल्कि अन्य स्वास्थ्यगत कारणों से हुई हैं। नौजवानों से अनुरोध है कि पहले बुजुर्ग एवं महिलाओं को दर्शन करने का मौका दें। मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिस विभाग नियमों का कड़ाई से पालन करे और अतिरिक्त सावधानी बरते। स्मार्ट पुलिसिंग के लिए तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल करे।

उन्होंने कहा कि एसओजी, एसटीएफ, साइबर सेल में काम करने वाले पुलिसकर्मियों की विशेष ट्रेनिंग कराई जाए। सरकार ने पुलिसकर्मियों के कोविड काल  में किए गए कार्यों को प्रोत्साहित करते हुए 10 हजार रुपए की सम्मान राशि दी है। प्रदेश में 1700 कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। सरकार आगे भी पुलिस जवानों की भर्ती प्रक्रिया कराएगी। आईआरबी 3 बटालियन के गैरसैंण में गठन के लिए जो प्रस्ताव आया है, उस पर सरकार विचार करेगी।

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने आईआरबी के गठन, उसके उपयोग एवं भविष्य की कार्य योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। एडीजी पीवीके प्रसाद समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram