राज्य

सीएम योगी आदित्‍यनाथ से मिला इजराइली प्रतिनिधि मंडल, मुख्‍यमंत्री ने यूपी में ड्रोन और एंटी ड्रोन तकनीक में न‍िवेश के ल‍िए क‍िया आमंत्र‍ित

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज 5 कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर इजराइल के राजदूत नाओर गिलोन के नेतृत्व में एक सरकारी प्रतिनिधमंडल ने भेंट की। भेंट-वार्ता के दौरान इजराइल के राजदूत ने विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी की अभूतपूर्व विजय पर उन्हें बधाई दी। इस दौरान मुख्‍यमंत्री योगी ने उन्‍हें उत्‍तर प्रदेश में न‍िवेश करने के ल‍िए आमंत्र‍ित क‍िया।
वार्ता के दौरान राजदूत नाओर गिलोन ने कहा कि इजराइल और भारत के बीच मजबूत सामरिक संबंध हैं। उत्तर प्रदेश के साथ हम कई क्षेत्रों में अच्छे सहयोगी की भूमिका में हैं। निकट भविष्य में इजरायल रक्षा, पुलिस आधुनिकीकरण, कृषि आधुनिकीकरण, किसानों को पानी के बेहतर उपयोग, बुंदेलखंड में पेयजल उपलब्धता और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश का सहयोग करने जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इजराइल के माननीय राजदूत के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आई टीम का हार्दिक स्वागत है। भारत और इजराइल के द्विपक्षीय संबंध सतत प्रगाढ़ हो रहे हैं। दोनों देशों के बीच 30 वर्ष से मजबूत राजनयिक संबंध रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2017 में अपनी इजरायल यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी। इस दौरे में उत्तर प्रदेश का एक प्रतिनिधिमंडल भी शामिल था। हाल के वर्षों में भारत-इजराइल के परस्पर संबंध नई ऊंचाइयों को छूआ है। उत्तर प्रदेश दोनों देशों के बीच परस्पर सम्बंधों की बेहतरी में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए तत्पर है।
योगी आद‍ित्‍यनाथ ने कहा कि इजराइल के सहयोग से यूपी के जनपद बस्ती और कन्नौज में दो सेंटर आफ एक्सीलेंस स्थापित हुए थे, दोनों ही अपने उद्देश्यों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। अब हमारी योजना हॉर्टिकल्चर और सब्जी उत्पादन क्षेत्र में नए सेंटर आफ एक्सीलेंस की स्थापना की है। इस कार्य में भी हमें इजराइल से आवश्यक सहयोग प्राप्त होगा।
सीएम योगी ने कहा, प्रदेश में स्थापित हो रहा डिफेंस इंडस्ट्रियल कारीडोर इजराइल के लिए निवेश के अवसरों से भरा हुआ है। हमारे पास विशाल भूमि है, पर्याप्त मानव संसाधन है। हम रक्षा उत्पादन की इच्छुक निवेशक कंपनियों को सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध करा रहे हैं। इजराइल के लिए यह अच्छा मंच है। ड्रोन और एंटी ड्रोन तकनीक में इजराइल के पास अच्छा अनुभव है। यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरीडोर में निवेश के लिए विचार किया जाना चाहिए।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram