राष्ट्रीय

जम्मू-श्रीनगर हाईवे भूस्खलन के बाद फिर बंद, तीन हजार से अधिक वाहन हाईवे पर फंसे

श्रीनगर : कश्मीर घाटी को देश के दूसरे राज्यों से जोड़ने वाला हाईवे एक बार फिर भूस्खलन के बाद बंद हो गया है। सुबह से लगातार हो रही बारिश के बाद जिला रामबन व बनिहाल के बीच कई जगह भूस्खलन होने की वजह से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। तीन हजार से अधिक वाहन हाईवे पर फंसे हुए हैं। ट्रैफिक विभाग ने लोगों को हिदायत दी है कि वे मौसम साफ होने तक पहाड़ी इलाकों का रूख न करें।
हाईवे के फिलहाल खुलने के बारे में कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। ट्रैफिक कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार रामबन व बनिहाल के बीच करीब चार से पांच जगहों पर भूस्खलन हुआ है। इसके अलावा कुछ जगहों पर लगातार पहाड़ों से पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। हाईवे पर रोके गए कमर्शियल व निजी वाहन चालकों को सुरक्षित जगहों पर ठहराया गया है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए श्रीनगर जाने वाले वाहनों को नगरोटा, जखैनी आदि में ही रोका गया है।
ट्रैफिक विभाग के अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को भी हाईवे बंद रहा। शाम को हाईवे को एक तरफा खोला गया परंतु उस दौरान केवल फंसे हुए वाहनों को ही निकाला गया। सभी वाहनों के निकल जाने के बाद चंद्रकोट रोके गए बाबा अमरनाथ श्रद्धालुओं को भी कश्मीर के लिए रवाना कर दिया गया। आज शनिवार सुबह एक बार फिर बारिश के बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन होने के बाद हाईवे को बंद कर दिया गया। फिलहाल बारिश अभी भी जारी है। किसी भी वाहन को हाईवे पर उतरने की इजाजत नहीं है।
कश्मीर घाटी जाने वाले वाहनों को जम्मू व ऊधमपुर में ही रोक दिया गया है। बारिश थमते ही हाईवे पर गिरे मलवे व पत्थरों को हटाने का काम शुरू हो जाएगा। ट्रैफिक अधिकारी ने कहा कि यदि बारिश रूक जाती है तो तीन से चार घंटों के भीतर हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लायक बना दिया जाएगा। हाईवे खुलते ही पहले उन ट्रकों को कश्मीर भेजा जाएगा जिसमें खाद्य सामग्री या फिर अन्य आवश्यक सामान होगा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram