Wednesday, October 9, 2024

राज्य

लखनऊ के लेवाना होटल में लगी आग, दो की मौत; आग की चपेट में आकर दस लोग गंभीर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दिल कहे जाने वाले हजरतगंज में सोमवार को होटल लेवाना में आग लग गई। भीषण आग की चपेट में आने के कारण दो की मौत हो गई है, जबकि 18 घायलों में सात गंभीर भी हैं। इनको सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायर ब्रिगेड के 12-14 वाहन आग को नियंत्रित करने के प्रयास में लगी हैं। मौके पर दस एम्युलेंस भी हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है। इसके साथ ही देश के रक्षा मंत्री लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने भी घटना पर दुख जताया है।
होटल लेवाना में भीषण आग लगने के कारण वहां पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। होटल के सुइट में आग लगने के बाद उसने विकराल रूप धारण कर लिया। थर्ड तथा सेकेंड फ्लोर को चपेट में लेने के बाद आग बढऩे लगी। वहां पर धुंआ भरने के कारण लोगों का दम भी घुटने लगे। सीएमओ ने जिन दो लोगों के मरने की पुष्टि की है, उसमें एक महिला तथा एक पुरुष हैं। इनके दम घुटने से मौत हुई है।
सीढ़ी की मदद से बाहर निकाला
पुलिस ने अंदर फंसे लोगों को सीढ़ी की मदद से बाहर निकाला। जिसमें काफी लोग झुलस गए हैं। आग से झुलसे लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों को आग से बचाने के प्रयास में फायर ब्रिगेड के चंद्रेश कुमार भी जख्मी हो गए। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में भर्ती कराई गईं दिल्ली से आई मोना ने बताया कि हम जब सुबह उठे तो कमरे में धुआं भरा था, किसी तरह से बाहर निकले तो फायर ब्रिगेड की टीम ने सीढ़ी से होटल से बाहर निकाला। आपातकालीन गेट तत्काल नहीं खुला जिसके कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।