अंतरराष्ट्रीय

पुतिन पर भड़के बाइडन, कहा- रूस के दावों को कभी मान्यता नहीं देगा अमेरिका; विलय के कदम को बताया ‘बेशर्मी’

वाशिंगटन। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को औपचारिक रूप से यूक्रेन के चार इलाकों का अपने देश में विलय कर लेंगे। यह फैसला इन चार इलाकों में रूस के अपनी तरह के जनमत संग्रह के नतीजों के बाद लिया जाएगा। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। बाइडन ने कहा कि वाशिंगटन मास्को के इन दावों को कभी मान्यता नहीं देगा।
व्हाइट हाउस द्वारा जारी बयान के अनुसार गुरुवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने रूस के इस कदम को ‘बेशर्मी’ बताया है।
बाइडन ने कहा कि यह तथाकथित जनमत संग्रह एक दिखावा था। यह परिणाम मास्को में पहले से ही निर्धारित कर लिए गए हैं। स्वतंत्रता की रक्षा में यूक्रेनी लोगों की सच्ची इच्छा हर दिन स्पष्ट हो रही है। वे अपने लोगों को बचाने और अपने देश की स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए अपने जीवन का बलिदान कर रहे हैं।
रूस पर और प्रतिबंध लगाएगा अमेरिका
उन्होंने कहा कि पुतिन की शाही महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए यूक्रेन पर रूस का हमला संयुक्त राष्ट्र चार्टर और संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के बुनियादी सिद्धांतों का घोर उल्लंघन है। इससे पहले बाइडन प्रशासन ने कहा था कि वह जनमत संग्रह के परिणामस्वरूप रूस पर प्रतिबंध लगाएगा।
आज विलय की घोषणा करेंगे पुतिन
क्रेमलिन ने गुरुवार को घोषणा की कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को मास्को के रेड स्क्वायर में एक बड़े कार्यक्रम में औपचारिक रूप से लुहान्स्क, डोनेट्स्क, जापोरिज्जिया और खेरसॉन के यूक्रेनी क्षेत्रों के विलय की घोषणा करेंगे।
क्रेमलिन ने कहा कि पिछले सप्ताह हुए तथाकथित जनमत संग्रह में क्षेत्रों ने रूस में शामिल होने के लिए मतदान किया है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram