राज्य

राष्ट्रपति के खिलाफ टिप्पणी मामला: मुश्किलों में फंस सकते हैं कांग्रेस नेता उदित राज

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में कांग्रेस नेता उदित राज  की मुश्किलें बढ़ सकती है। कांग्रेस नेता के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) नोटिस भेजने जा रहा है। उदित राज ने बुधवार को राष्ट्रपति मुर्मू पर निशाना साधते हुए एक ट्वीट में ‘चमचा’ शब्द का इस्तेमाल किया था और कहा था कि द्रौपदी मुर्मू जी जैसी राष्ट्रपति किसी देश को न मिले। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने उदित राज को अपनी टिप्पणी पर माफी मांगने की मांग की है।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने गुरुवार को कहा कि वह कांग्रेस नेता उदित राज को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ उनके बेहत आपत्तिजनक बयान के लिए नोटिस भेजने जा रहा है। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने ट्वीट करते हुए कहा, देश की सर्वोच्च शक्ति और अपनी कड़ी मेहनत से इस मुकाम तक पहुंचने वाली महिला के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक बयान। डॉ उदित राज को अपने अपमानजनक बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। आयोग की ओर से उन्हें नोटिस भेजा रहा है।

क्या कहा है कांग्रेस नेता उदित राज ने?

उदित राज ने बुधवार को राष्ट्रपति मुर्मू पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया था, ‘द्रौपदी मुर्मू जी जैसी राष्ट्रपति किसी देश को न मिले। चमचागिरी की भी हद है। कहती हैं 70 प्रतिशत लोग गुजरात का नमक खाते हैं। खुद नमक खाकर जिंदगी जिएं तो पता लगेगा।’ उनके इस ट्वीट पर सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने भी नाराजगी जताई है। बीजेपी ने कहा है कि उदित राज की यह टिप्पणी कांग्रेस की आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाती है।

बीजेपी ने बताया अपराध

बीजेपी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘उदित राज ने पहले भी इस प्रकार का अपराध किया है। उन्होंने न सिर्फ राष्ट्रपति मुर्मू, बल्कि शीर्ष संवैधानिक पद का और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी का भी लगातार अपमान किया है।’ उन्होंने कहा कि उदित राज द्वारा टिप्पणी को निजी करार दिए जाने से कुछ नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बताना पड़ेगा कि वह ‘आदिवासी विरोधी’ टिप्पणी के लिए उदित राज के खिलाफ कार्रवाई करेगी या नहीं।

सोमवार को गुजरात दौरे पर थीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद मुर्मू सोमवार को पहली बार गुजरात पहुंची थीं। गांधीनगर में गुजरात सरकार की ओर से आयोजित एक अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा था, ‘गुजरात में पैदा होने वाला नमक सभी भारतीयों द्वारा खाया जाता है।’ उदित राज ने बाद में कहा था कि राष्ट्रपति मुर्मू के बारे में की गई उनकी टिप्पणी निजी है और इससे कांग्रेस पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram