Wednesday, October 9, 2024

राजनीतिराज्य

बिझड़ी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने विपक्ष पर छोड़े सियासी तीर, कांग्रेस में सिर्फ बेटे को ही प्यार,

 

बिझड़ी

भारतीय जनता पार्टी ही केवल ऐसी पार्टी है, जहां बहनों का सम्मान होता है, लेकिन कांग्रेस में तो केवल बेटे पर प्यार उमड़ रहा है। बड़सर विधानसभा के बिझड़ी में आयोजित महिला सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने यह बात कही। कांग्रेस और गांधी परिवार पर हमला बोलते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि देश की राजनीति में एक नेता युवराज कहलाए जाते हैं, वह अमेठी से ऐसे निकले कि वह अब भी भारत घूम रहे हैं। कांग्रेस में बेटी को भुलाकर आजकल बेटे के प्रति ज्यादा प्रेम है। यहां सिर्फ और सिर्फ बेटे का ध्यान रखा जा रहा है। बेटियां इनकी यात्रा से भी लुप्त हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक महिला कार्यकर्ता के नाते हमें इस बात का गौरव है कि भारतीय जनता पार्टी वह परिवार है, जहां पर भाई और बहन कदम से कदम मिलाकर प्रदेश और राष्ट्र को विकसित समृद्ध स्वस्थ और सामथ्र्य की दृष्टि से परिपूर्ण करते हुए विकास की इस यात्रा पर निकल चुके हैं।

अनुराग की तारीफ

स्मृति ईरानी ने अनुराग ठाकुर की तरफ इशारा करते हुए बलदेव शर्मा को कहा कि दिल्ली आपकी बगल में बैठी है। उन्होंने कहा कि चुनाव की इस रणभूमि में कार्यकर्ताओं के साथ न कांग्रेस खड़ी है, ना झाड़ू वाले। झाड़ू वालों का तो कब सफाया हुआ पता ही नहीं चला। उनकी दुकान बंद कर उस पर ताला लगाने वालों में से एक का नाम अनुराग ठाकुर है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को 2019 के चुनावों में अमेठी से भाजपा के एक साधारण सी कार्यकर्ता ने हराया। यह भाजपा का इतिहास है और कांग्रेस का हश्र है। 2019 में हारे और अब तक अपना अध्यक्ष नहीं चुन पाए।

पट्टू-कंबला दे चक्करा बिच मत आंदे

बड़सर में महिला सम्मेलन के दौरान बोले अनुराग ठाकुर

बड़सर

अनुराग ठाकुर ने देशी अंदाज में बड़सर की महिला शक्ति को कहा कि ‘तुहे बी पट्टू-कंबलां दे चक्करां बिच दिखयो आंदे, नीं ता पट्टू च लपेटी ने छडी दैणे बंडणे आले’। अनुराग ठाकुर ने महिला सम्मेलन में उपस्थित हजारों महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बड़सर वह विधानसभा क्षेत्र है, जहां की बहनों ने खुद अपने सर जिम्मेवारी उठाकर मेरे चार लोकसभा चुनावों में कमल यह कह कर खिलाया है कि यह हमारे भाई का चुनाव है। पिछले विधानसभा चुनावों में यहां कुछ कमी रह गई थी उसको इस बार दूर करेंगे और डबल इंजन की सरकार बनाएंगे बड़सर में कमल खिलाएंगे। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि स्मृति ईरानी भारतीय जनता पार्टी की वह नेता हैं, जिन्होंने अमेठी से राहुल गांधी को ऐसी शिकस्त दी कि गांधी परिवार का दशकों पुराना कांग्रेस का किला हिल गया। अब वह उत्तर भारत को छोडक़र दक्षिण भारत में बैठ गए हैं और अब राहुल गांधी देश में कम विदेशों में ज्यादा रहते हैं।

गांधी परिवार पर वार

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस मौके पर गांधी परिवार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने बरसों अमेठी की सीट जीतकर वहां के लोगों को गरीबी-भुखमरी दी। गांधी परिवार ने 60 साल तक इस देश पर राज किया और जिस सीट से वह जीतकर आते थे, वहां चुनावों के समय दर्शन देते थे और बाद में पांच साल नजर नहीं आते थे। अब वहां की जनता ने राहुल गांधी को हराकर वहां से चलता कर दिया है। इसी तरह हमें प्रदेश में कमल खिलाना है और कांग्रेस को प्रदेश से पूरी तरह साफ करने के लिए सभी को एक झंड के तले लाना है।