Wednesday, October 9, 2024

राज्य

यूपी के 17 जिलों के 944 गांवों में बाढ़ का कहर, सीएम योगी ने दिए तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश

लखनऊ। प्रदेश में हो रही अत्यधिक वर्षा से बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रदेश के 17 जिलों के 944 गांव बाढ़ (UP Flood) से प्रभावित हैं। बाढ़ के कारण इन जिलों की 8.43 लाख जनसंख्या प्रभावित है। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार गंगा नदी बदायूं, शारदा नदी लखीमपुर खीरी, सरयू बबई नदी बहराइच, घाघरा नदी बाराबंकी, अयोध्या व बलिया, राप्ती नदी श्रावस्ती, बलरामपुर व गोरखपुर, बूढ़ी राप्ती सिद्धार्थनगर, रोहिन नदी महाराजगंज और क्वानो गोंडा में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
वरिष्ठ अधिकारी आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाएं- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने अत्यधिक वर्षा से प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में पंप लगाकर जलभराव की समस्या को तत्काल दूर करें। उन्होंने राहत कार्यों के संचालन के लिए राजस्व, पुलिस, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, नगर विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।
गोंडा में बाढ़ का कहर
गोंडा में बिसुही नदी खतरे के निशान को पार कर गई है और गोंडा-बलरामपुर मुख्य मार्ग पर आवाजाही रोक दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक गोंडा के कर्नलगंज और तारबगंज तहसील में बाढ़ से 13000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। गोंडा जिले में 24 बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है।
बलरामपुर में रिहायशी इलाकों में घुसा पानी
बलरामपुर जिले के शहरी इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है और कई शहरी इलाकों में लोग एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए नाव का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने राहत कार्यों के लिए राज्य मुख्यालय से राष्ट्रीय आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) की अतिरिक्त टीम मांगी है। बलरामपुर, गोंडा और श्रावस्ती जिलों में कई हजार एकड़ धान की फसल नष्ट हो गई है। साथ ही खेत में जलभराव के कारण आलू की नई फसल पर भी असर पड़ा है।