राजनीति

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने की बैठक, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

नई दिल्ली। भाजपा ने आगामी 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में महासचिव बीएल संतोष की अध्यक्षता में बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान पार्टी ने देशभर में चल रहे सभी कार्यक्रमों की प्रगति के साथ-साथ केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। पार्टी ने उन विभिन्न पहलों की भी समीक्षा की, जिन्हें अगले आम चुनावों से पहले करने की जरूरत है।
बैठक में शामिल हुए जेपी नड्डा
दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को पार्टी के महासचिवों की एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में हुई। सूत्रों के अनुसार, बैठक में आगामी गुजरात विधानसभा चुनावों और 4 दिसंबर को दिल्ली नगर निगम चुनावों के लिए पार्टी की प्रचार रणनीतियों पर चर्चा हुई।
अगले साल कई राज्यों में होने हैं विधानसभा चुनाव
भाजपा दिसंबर में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा वर्ष 2023 भी चुनावी वर्ष है। अगले साल त्रिपुरा, मेघालय, कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित नौ राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं।
2014 व 2019 में दर्ज की थी बड़ी जीत
भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से सत्ता में है। यह उसका दूसरा कार्यकाल है। 2019 में भी भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला था और पार्टी ने 300 से अधिक सीटें जीती थीं। पार्टी को विश्वास है कि मोदी के नेतृत्व में 2024 के आम चुनाव में भी वह विजयी होगी। उधर, बिखरा हुआ विपक्ष अभी भी एक ऐसे नेता की तलाश में है जो उन सभी को एक साथ बांध सके।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram