Wednesday, October 9, 2024

राजनीति

आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक 18 दिसंबर को, 2024 के लोकसभा चुनाव पर हो सकती है चर्चा

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक 18 दिसंबर को होगी। बैठक के दौरान 2024 के लोकसभा चुनाव (2024 Loksabha Election) को लेकर पार्टी की तैयारियों पर चर्चा होने की उम्मीद है। हाल ही में, ‘आप’ ने गुजरात विधानसभा चुनाव में 13 फीसद वोट हासिल कर राष्ट्रीय पार्टी बनी है। पार्टी के लिए यह उपलब्धि काफी खास है।
गुजरात में शानदार प्रदर्शन कर ‘आप’ बनी राष्ट्रीय पार्टी
‘आप’ ने अपनी नजरें अब 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव पर टिका दी हैं। गुजरात में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी ने करीब 13 फीासद वोट हासिल कर तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनने का तमगा हासिल किया। ‘आप’ को राज्य में 5 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। इस बार पार्टी ने चुनाव प्रचार में भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी।
सही साबित नहीं हुआ केजरीवाल का दावा
‘आप’ ने चुनावी रैलियों में दावा किया था कि राज्य में उसकी सरकार आ रही है। पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी कहा था, ‘लिख कर ले लो, राज्य में हमारी सरकार बनेगी।’ हालांकि यह दावा सही साबित नहीं हुआ।
हिमाचल प्रदेश में नहीं खुला खाता
आम आदमी पार्टी को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी हार का सामना करना पड़ा। यहां पार्टी का खाता तक नहीं खुल सका। कांग्रेस ने 68 विधानसभा सीटों में से 40 सीट पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को 25 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव पर टिकी नजरें
‘आप’ की नजरें अब मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव पर भी टिकी हुई है। पार्टी ने स्थानीय निकाय चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उसके चुनाव लड़ने से कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसका उदाहरण गुजरात है, जहां आप ने कांग्रेस को अल्पसंख्यक और आदिवासी बाहुल्य सीटों पर काफी नुकसान पहुंचाया।