राज्य

30 को TMC का दौरा करेंगे मुख्यमंत्री सुक्खू

प्रदेश भर में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण पहल

हिमाचल ब्यूरो — शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण एवं विस्तार की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में बदलाव के लिए संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया है। अढ़ाई वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश सरकार ने अनेक क्रांतिकारी कदम उठाए हैं, जिससे पूरे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रदेश भर में अनेक अस्पतालों को उन्नत किया गया है, नए उप-स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले और अपग्रेड किए गए हैं। नए खंड चिकित्सा कार्यालय भी अधिसूचित किए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 30 जून को डा. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (आरपीजीएमसी) टांडा का दौरा करेंगे। इस अवसर पर संस्थान में कार्यन्वित की जा रही एवं प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्यमंत्री चिकित्सकीय संकाय के सदस्यों के साथ संवाद भी करेंगे, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता तथा सुधार के लिए सुझाव भी प्राप्त किए जा सकें।

यह दौरा मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चिकित्सकों से सीधे संवाद कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने की पहल का एक महत्त्वपूर्ण पहलू है। हाल ही में मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय (आईजीएमसी) शिमला और अटल इंस्टीटयूट आफ सुपर स्पेशयलिटीज़ (एआईएमएस) चमियाणा के चिकित्सकों से भी संवाद किया था। इन बैठकों के माध्यम से आने वाले वर्षों में चिकित्सा क्षेत्र की चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में 20 वर्षों से अधिक पुरानी मशीनों या उपकरणों को एक वर्ष के भीतर बदलने के निर्देश दिए हैं। एआईएमएसएस चमियाणा में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा आरंभ कर दी गई है। राज्य सरकार 68 विधानसभा क्षेत्रों में 69 आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित कर रही है, जिसमें दो आदर्श स्वास्थ्य संस्थान लाहुल-स्पिति जिला में स्थापित किए जाएंगे। अधिकांश क्षेत्रों में ये संस्थान क्रियाशील कर दिए गए हैं। प्रत्येक संस्थान में छह विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए जा रहे हैं।

Leave a Response