देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बिहार विधानसभा के चुनावी रण में एक बार फिर गुरुवार व शुक्रवार को स्टार प्रचारक के रूप में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में बिगुल फूंकेंगे।

समान नागरिक संहिता लागू करने और सरकारी भूमि पर अवैध रूप से धार्मिक संरचनाओं को ध्वस्त कर लैंड व लव जिहाद रोकने के लिए कड़े कानून बना चुके धामी बिहार में मतदाताओं को अपने इसी एजेंडे के बूते लुभाने जा रहे हैं।

भाजपा ने मुख्यमंत्री के साथ उनके मंत्रिमंडल के दो सहयोगियों कैबिनेट मंत्रियों सतपाल महाराज एवं डा धन सिंह रावत को भी चुनाव प्रचार का जिम्मा सौंपा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को दो दिवसीय बिहार दौरे में मोतिहारी जिले के कल्याणपुर व हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इस माह यह चुनाव प्रचार के लिए उनका यह दूसरा दौरा है। सहज एवं सौम्य स्वभाव के धामी को कड़े निर्णय लेने के लिए जाना जाता है।

उत्तराखंड में भाजपा के कोर एजेंडे को धरातल पर उन्होंने बखूबी उतारा और उसे सफलता के साथ लागू भी किया। उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में ऐसा पहला प्रदेश है, जिसने समान नागरिक संहिता लागू किया। संहिता का क्रियान्वयन प्रदेश में इसप्रकार किया गया, ताकि विभिन्न समुदायों में संशय की गुंजाइश न रहे या अत्यंत न्यूनतम हो।

मतांतरण विशेष रूप से छांगुर प्रकरण के बाद मतांतरण रोकने के लिए कानून को और कड़ा कर और लव व लैंड जिहाद पर अपना रुख साफ कर धामी ने प्रदेश में ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के भीतर अपनी अलग पहचान स्थापित की है। पार्टी उनकी इस छवि का बिहार विधानसभा चुनाव में भरपूर उपयोग कर रही है।

महत्वपूर्ण निर्णयों को लेकर उनकी छवि ने उन्हें भाजपा के लिए फायरब्रांड चुनाव प्रचारकों उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असोम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के साथ कतार में खड़ा कर दिया है। धामी अभी तक बिहार के गोरियाकोठी, वारसलीगंज, सिवान जैसे विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के लिए प्रचार कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री धामी गुरुवार को सुबह सवा ग्यारह बजे पटना हवाई अड्डे से निजी विमान से कल्याणपुर जाएंगे। वहां कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में दोपहर 12 बजे से महात्मा गांधी मिडिल स्कूल ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद अपराह्न में वह हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्र में महावीर रामेश्वर इंटर कालेज, सोनवर्षा में आयोजित जनसभा में भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री धामी 31 अक्टूबर को विधानसभा क्षेत्र रामनगर के राजकीय जगरनाथ उच्च विद्यालय, बखरी में दोपहर 12.05 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। धामी के साथ ही उनके मंत्रिमंडल के दो सहयोगियों कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और डा धन सिंह रावत को भी भाजपा ने बिहार में चुनाव प्रचार के लिए उतारा है।

डाॅ. धन सिंह रावत प्रचार में डटे हैं, जबकि सतपाल महाराज भी गुरुवार को चुनाव प्रचार के लिए बिहार पहुंचेंगे। इसके अतिरिक्त बिहार के चुनावी महासमर में भाजपा के अन्य सूरमा भी डटे हुए हैं। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार को बिहार के 42 विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव प्रबंधन का जिम्मा दिया गया है।

नैनीताल सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट को वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा तीन विधायकों प्रदीप बत्रा, शिव अरोड़ा व अरविंद पांडेय को भी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारी दी गई है।