‘हल्द्वानी के रामलीला मंच से लगे अल्लाह-हू-अकबर के नारे’:CM बोले- शुद्धिकरण से कांग्रेस के पेट में दर्द; गोदियाल ने कहा- अपने दावे को साबित करें

‘हल्द्वानी के रामलीला मंच से लगे अल्लाह-हू-अकबर के नारे’:CM बोले- शुद्धिकरण से कांग्रेस के पेट में दर्द; गोदियाल ने कहा- अपने दावे को साबित करें

हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद शुरू हुआ शुद्धीकरण विवाद अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस के बीच सीधे राजनीतिक टकराव में बदल गया है। सीएम धामी ने बनबसा, चंपावत में युवा संवाद के दौरान दावा किया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस की सभा में ‘अल्लाह हू अकबर’ के नारे लगाए गए थे। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
इसके जवाब में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री को अपने दावे को साबित करने की चुनौती दी है। गोदियाल ने कहा कि वहां कोई गैर राजनीतिक और धार्मिक नारे नहीं लगे, बल्कि सिर्फ राजनीतिक नारे लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की सभी कोतवालियों में तहरीर दी है और अब देखना है कि सरकार इन तहरीरों पर क्या कार्रवाई करती है।
विवाद के बीच आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में थानों में पहुंचकर तहरीर दी। कांग्रेस ने रामलीला मैदान का शुद्धीकरण करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस इस पूरे घटनाक्रम को खड़गे और दलित समाज के अपमान से जोड़ रही है।

धामी के बयान की 5 बड़ी बातें…
- इसमें भाजपा का कोई लेना देना नहीं था, लेकिन देखिए कांग्रेस का दोहराचरित्र। उस मैदान के शुद्धिकरण से भी उनके पेट में दर्द होने लगता है और इसको मुद्दा बनाकर मैदान में कूद जाते हैं। अरे भई कांग्रेस के लोगों तुष्टिकरण की राजनीति की कोई सीमा होती है कि नहीं?
- यहां आप जो कह रहे हो कि यहां पर अनुसूचित जाति, दलित वर्ग का असम्मान किया गया है। क्या आपके पास कोई रिकॉर्ड है? आपके पास कोई प्रेस विज्ञप्ति है क्या? कोई वहां पर किसी व्यक्ति के नाम का अपमान किया गया है तो आप बताइए।
- आपने कोई भी जिहादी नारे लगाने हैं तो अपने घर में जाकर लगाइए, आपको किसी ने नहीं रोका। आप अपने इबादत घरों में लगाइए आखिर रामलीला के मंचन पर आप ऐसी बातें क्यों कर रहे हैं?
- आपके पास अभी एक ही काम रह गया है, समाज को बांटो, तुष्टीकरण करो और अपनी राजनीति की रोटी सेको। भाइयों बहनों कांग्रेस के लोग दलितों का और पिछड़ों का हमदर्द बनने का ढोंग रचते हैं। और इस पार्टी का इतिहास रहा है। हमेशा अपने वरिष्ठ नेताओं को इन्होंने अपमानित करने का, आज किस मुंह से दलित हितों की बात कर रहे हैं?
- एक मौलाना हमें धमकी दे रहा था लेकिन राहुल गांधी चुप रहते हैं लेकिन हल्द्वानी में हिंदू समाज को बांटने का काम करते हैं। रुद्रपुर वाले मामले में आपकी जुबान पर ताला लग जाता है। जिहादी नारे लगाने वालों पर आपका कोई वक्तव्य नहीं आता है। आपको सनातन को नुकसान पहुंचाना है, हिंदू समाज में कटुता पैदा करनी है।



