CM धामी ने पत्नी के साथ देखी हनुमान अंश:बोले- सेवा और प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक; संत परंपरा नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ती है

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म प्रसिद्ध संत नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी भक्ति, सेवा और मानव कल्याण की भावना पर आधारित है। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने नीम करौली बाबा के जीवन और उनके सेवा-भाव की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का रास्ता दिखाया है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी परंपरा का उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

कैंची धाम को बताया वैश्विक आस्था का केंद्र धामी ने कहा कि उत्तराखंड सिर्फ देवभूमि ही नहीं, बल्कि महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। नीम करौली बाबा का कैंची धाम आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि संतों के जीवन और उनके विचारों को फिल्म जैसे रचनात्मक माध्यमों से नई पीढ़ी तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है। ऐसे प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को युवाओं से जोड़ने का काम करते हैं। फिल्म में भक्ति से ज्यादा सेवा और लोककल्याण का संदेश मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ में नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा के साथ उनके जीवन के उन मूल्यों को सामने लाने का प्रयास किया गया है, जिनमें ईश्वर के प्रति श्रद्धा के साथ मानव सेवा, करुणा, प्रेम, विनम्रता और लोककल्याण प्रमुख हैं। उन्होंने फिल्म के निर्माता, निर्देशक और पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

पत्नी और मंत्री भी रहे मौजूद फिल्म प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा समेत विभिन्न दायित्वधारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सतैया समेत अन्य कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।



