उत्तराखंड

देहरादून में CM धामी ने सुनीं लोगों की समस्याएं:अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश, बोले- शिकायतें कागजों तक सीमित न रहे

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले मुख्यमंत्री के सामने रखे। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर हो सकता है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर पर लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। अधिकारियों को अपने स्तर पर जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सरकारी कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाया जाए।

CM हेल्पलाइन 1905 पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जा रहा है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत शासन-प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ रहा है।

17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान

धामी ने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविरों के साथ स्वास्थ्य और बहुउद्देशीय शिविर भी लगाए जाएंगे। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

शिकायतों की मॉनिटरिंग के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसुनवाई में मिले हर प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि समाधान केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। शासन, जिला प्रशासन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।

ताइक्वांडो पदक विजेताओं से मिले

जनसुनवाई के दौरान 9वीं हीरोज इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतियोगिता 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक पटाया, चोनबुरी, थाईलैंड में हुई थी। उत्तराखंड के मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक जीते। मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक हासिल किया। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response