उत्तराखंड

चुनावी तैयारी में भाजपा का संगठन पर जोर, पहली बार होंगे शक्ति केंद्र सम्मेलन

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। पार्टी प्रदेश में पहली बार शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित करेगी। इसके साथ ही बूथ विजय अभियान शुरू किया जाएगा। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के लिए जिला और मंडल स्तर पर भी कार्यसमिति की बैठकें होंगी।

हरिद्वार में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेश बंसल और दीप्ति रावत ने पत्रकारों से बातचीत में पार्टी की आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा अपने संगठन की छोटी से छोटी इकाई को भी चुनावी तैयारियों से जोड़ेगी। शक्ति केंद्र सम्मेलनों में केंद्रीय नेता भी शामिल होंगे।

नरेश बंसल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कामकाज से जनता के बीच पहचान बनाई है। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री धरातल पर उतरकर काम करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में विपक्ष की ओर से कथित तौर पर गलत नैरेटिव तैयार किए जाने की निंदा की गई।

बंसल ने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण शून्य ब्याज पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं और केदारनाथ यात्रा को सुगम बनाने के लिए व्यवस्थाएं बेहतर की गई हैं। बंसल ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नकल विरोधी कानून लागू करने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी उत्तराखंड आगे बढ़ रहा है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response