उत्तराखंड

चुनावी ड्यूटी के लिए कर्मचारियों का ब्योरा नहीं देने पर 250 विभागों को नोटिस, विभागाध्यक्षों पर होगी एफआईआर

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में लापरवाही बरतने वाले सरकारी विभागों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। निर्वाचन ड्यूटी के लिए कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध नहीं कराने वाले 250 से अधिक विभागों के विभागाध्यक्षों पर प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

निर्वाचन कार्यों के संचालन के लिए जिला प्रशासन ने केंद्र और राज्य सरकार के सभी विभागों, कार्यालयों और संस्थानों से वहां तैनात कर्मचारियों का पूरा ब्योरा मांगा था। इसके लिए निर्धारित प्रारूप में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद बड़ी संख्या में विभागों ने अब तक विवरण नहीं भेजा है। कुछ कार्यालयों की ओर से जो सूचनाएं दी गई हैं, उनमें भी आवश्यक जानकारियां अधूरी हैं।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा के अनुसार, जिले में करीब 500 विभागों ने कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध कराया है, जबकि 250 से अधिक विभाग अभी तक जानकारी देने में पीछे हैं। विधानसभा चुनाव के लिए रिजर्व कार्मिकों समेत विभिन्न निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए करीब 23 हजार कर्मचारियों की आवश्यकता का अनुमान लगाया गया है। इसके सापेक्ष अब तक केवल 12 हजार कर्मचारियों का ही ब्योरा प्राप्त हुआ है।

कर्मचारियों की अधूरी जानकारी के चलते निर्वाचन ड्यूटी के लिए आवश्यक मानव संसाधन का आकलन करने में परेशानी हो रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे बिना देरी किए कर्मचारियों की अद्यतन और पूर्ण सूची निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं। साथ ही सूची की जांच और उसकी शुद्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी विभागाध्यक्षों को सौंपी गई है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। तय समय पर जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले विभागाध्यक्षों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response