राज्य

हरियाणा के मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी

अमेरिका से सोशल मीडिया के जरिये मुख्यमंत्री मनोहर लाल और राज्य के पुलिस अधिकारियों को धमकाने वाले आरोपी सहित उसके पूरे परिवार पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। 

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी सोशल मीडिया के जरिये विदेश से मिली है। साथ ही, आरोपी ने राज्य के पुलिस अधिकारियों को भी जान से मारने की धमकी देते हुए अपशब्द कहे हैं। पुलिस ने आरोपी के साथ उसके पिता, चाचा और भाई के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, कैथल के गांव नरड़ के रहने वाले संदीप उर्फ मिप्पा नरड़ ने विदेश से इंस्टाग्राम पर एक लाइव वीडियो में मुख्यमंत्री को धमकी दी है। आरोपी अमेरिका में रहता है। तितरम थाने के एस.ए. मेहताब सिंह की शिकायत पर आरोपी और उसके पूरे परिवार के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में संदीप के पिता रणबीर, चाचा रामबीर, सगा भाई प्रदीप और चचेरा भाई विकास को भी आरोपी बनाया गया है। सभी पर भादंसं की धारा 120बी, 124ए, 189, 294, 500, 504 तथा आईटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मेहताब के अनुसार, इंस्टाग्राम पर लाइव आकर संदीप ने हरियाणा पुलिस को अपशब्द कहे। इस दौरान उसके हाथ में तलवार भी था। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी सोशल मीडिया पर विवादित वीडियो अपलोड कर विवादों में रह चुका है। पहले वीडियो में उसने एक जाति विशेष के लोगों के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था। इस मामले में भी तितरम थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज है। इस बार जारी वीडियो में उसने कहा है कि वह हरियाणा में मिप्पा बांगरू नाम से गिरोह चला रहा है। अगर गिरोह के लोगों को कोई भी परेशानी हुई तो पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री की जान जाएगी, फिर पुलिस अधिकारियों की जान जाएगी। पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने बताया कि आरोपी को शीघ्र भारत लाने के लिए प्रयास किया जाएगा।

अभी कुछ दिन पहले एक आइजोल के एक युवक ने मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा को तीन माह में इस्तीफा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।फेसबुक पर अलग-अलग समूहों पर साझा किए गए पोस्ट में आरोपी अपुइया टोछहांग ने जोरमथंगा पर सरकारी पैसा हड़पने का भी आरोप लगाया था। हालांकि पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। 2018 में भी उसे पूर्व मुख्यमंत्री ललथनहवला को धमकी भरा पत्र लिखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram