उत्तराखंड

आकाशवाणी देहरादून में 26 नवंबर को सजेगी संगीत की महफिल, ‘AIR Rising Stars’ में युवा कलाकार देंगे प्रस्तुति

देहरादून। युवा एवं उभरती संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से आकाशवाणी देहरादून की ओर से 26 नवंबर को ‘AIR Rising Stars Season-1’ युवा संगीत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर तीन बजे संस्कृति विभाग ऑडिटोरियम में होगा। इसमें युवा कलाकार भजन, गढ़वाली और जौनसारी लोकगीतों की प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
आकाशवाणी की 90वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शुरू की गई इस पहल के तहत देशभर के 26 आकाशवाणी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य 30 वर्ष से कम आयु के कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और भारतीय शास्त्रीय, सुगम व लोक संगीत की परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून के निदेशक हेमंत बी. आड़े मुख्य अतिथि होंगे। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन देहरादून के क्लस्टर प्रमुख सुरेश कुमार मीना, कार्यक्रम प्रमुख अनिल भारती, सहायक निदेशक (कार्यक्रम) रमेश चंद्र, देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष नामदेव और आकाशवाणी देहरादून के समाचार प्रमुख अनिल दत्त शर्मा भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा पीआईबी एवं दूरदर्शन न्यूज की संयुक्त निदेशक साक्षी सिंह, कार्यक्रम अधिशासी अनीता तित्याल और संकल्प मिश्रा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सम्मेलन में पीयूष कश्यप भजन गायन, शिया कोहली और मृणाल रतूड़ी गढ़वाली लोकगीतों तथा अंशु वर्मा जौनसारी लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। वहीं, गुरुकुल कन्या महाविद्यालय की छात्राएं सरस्वती वंदना प्रस्तुत करेंगी।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response