उत्तर प्रदेश

नेशनल भीम आर्मी का आजाद समाज पार्टी में विलय करने का ऐलान




  • मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन राजनीति को नई धार देने की कवायद तेज होती नजर आ रही है। नेशनल भीम आर्मी (बहुजन एकता मिशन) ने आजाद समाज पार्टी को मजबूत करने और एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में राजनीतिक संघर्ष को आगे बढ़ाने का ऐलान किया है। संगठन के चीफ लोकेश कटारिया ने घोषणा की कि आगामी 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर पार्क में आयोजित होने वाली संकल्प महारैली के दौरान नेशनल भीम आर्मी का भीम आर्मी भारत एकता मिशन में विलय किया जाएगा। इस घोषणा को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन संगठनों को एक मंच पर लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सोमवार को नेशनल भीम आर्मी चीफ लोकेश कटारिया ने दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ मीडिया सेंटर पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान लोकेश कटारिया ने बहुजन समाज के लोगों से संकल्प महारैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुटता के साथ आगे बढ़ना और चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व को मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में नेशनल भीम आर्मी की देशभर की टीम आजाद समाज पार्टी को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी। लोकेश कटारिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव, बेहतर नेतृत्व और आम लोगों की समस्याओं को समझने वाली राजनीति की अपेक्षा कर रही है। उनके मुताबिक, प्रदेश की तरक्की और जनता के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए ऐसा नेतृत्व जरूरी है, जो जमीन से जुड़ा हो और लोगों के दुख-दर्द को समझता हो। उन्होंने कहा कि परिवर्तन प्रकृति का नियम है और राजनीतिक परिस्थितियों में भी समय के साथ बदलाव जरूरी होता है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने संघर्ष के दम पर चार बार उत्तर प्रदेश की सत्ता तक पहुंचकर बहुजन समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया। कटारिया ने उम्मीद जताई कि बहुजन समाज के विभिन्न राजनीतिक संगठन सम्मानजनक तरीके से एकजुट होकर आगे बढ़ें, जिससे प्रदेश में बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने आजाद समाज पार्टी को वर्ष 2027 के चुनाव में सत्ता तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम करने की बात कही। इस दौरान लोकेश कटारिया ने कहा कि पिछले छह वर्षों में संगठन के भीतर या आपसी संबंधों में जो भी मतभेद रहे हों, उन्हें पीछे छोड़कर अब एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का समय है। उन्होंने एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद, विनय रत्न, कमल सिंह वालिया और महक सिंह सहित भीम आर्मी से जुड़े कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन और पार्टी की नीतियों तथा विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। लोकेश कटारिया ने बताया कि आगामी 31 अक्टूबर को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और हापुड़ से भावी प्रत्याशी वीरेंद्र शिरीष की ओर से आयोजित महारैली में चंद्रशेखर आजाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि लोकेश कटारिया के नेतृत्व में मेरठ मंडल की टीम भी इस कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचेगी। प्रेस वार्ता में नेशनल भीम आर्मी के दर्जनों पदाधिकारी, सदस्य और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response