राज्यराष्ट्रीय

PM ने महाराष्ट्र में 38,800 करोड़ के प्रोजेक्ट शुरू किए:बोले- नए भारत के पास बड़े सपने हैं और उन्हें साकार करने का साहस है

SG

PM नरेंद्र मोदी गुरुवार को मुंबई पहुंचे। यहां उन्होंने 38,800 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। PM मोदी ने मुंबई मेट्रो लाइन 2A और 7 का उद्घाटन किया। इसमें अंधेरी से दहिसर तक फैला 35 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर भी शामिल है।

इस मौके पर PM मोदी ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार नए भारत के पास बड़े सपने हैं और उन्हें साकार करने का साहस है। पिछली शताब्दी का एक लंबा समय गरीबी पर चर्चा करने, दुनिया से मदद मांगने और किसी तरह जीने में बीता। स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार दुनिया ने भारत के संकल्पों पर भरोसा किया।

मुंबई में मेट्रो की दो लाइनों का उद्घाटन करने के बाद PM मोदी ने मेट्रो में यात्रा भी की। इस दौरान उन्होंने युवाओं से बातचीत की। उन्होंने गुंडावली और मोगरा स्टेशनों के बीच यात्रा की।
मुंबई में मेट्रो की दो लाइनों का उद्घाटन करने के बाद PM मोदी ने मेट्रो में यात्रा भी की। इस दौरान उन्होंने युवाओं से बातचीत की। उन्होंने गुंडावली और मोगरा स्टेशनों के बीच यात्रा की।

8 सालों में हमने एप्रोच बदली
भारत को लेकर दुनिया में इतनी सकारात्मकता इसलिए है क्योंकि आज सभी को लगता है कि भारत अपने सामर्थ्य का बहुत ही उत्तम तरीके से सदुपयोग कर रहा है। आज भारत अभूतपूर्व आत्मविश्वास से भरा हुआ है। हमने वो जमाना देखा है जब गरीबों के कल्याण का पैसा भ्रष्टाचार में चला जाता था। टैक्स पेयर्स से प्राप्त टैक्स को लेकर कोई संवेदनशीलता नहीं थी। इसका नुकसान करोड़ों नागरिकों को उठाना पड़ा।

पिछले 8 सालों में हमने इस एप्रोच को बदल दिया है। आज भारत भविष्य की सोच और आधुनिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए अपने भौतिक और सामाजिक बुनियादी ढांचे पर खर्च कर रहा है।

मुंबई में 38,800 करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट की शुरुआत करने के बाद संबोधित करते PM नरेंद्र मोदी।
मुंबई में 38,800 करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट की शुरुआत करने के बाद संबोधित करते PM नरेंद्र मोदी।

करीब 12,600 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट

दहिसर ई और डीएन नगर (पीली लाइन) को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 2A लगभग 18.6 किलोमीटर लंबी है, जबकि अंधेरी ई – दहिसर ई (लाल लाइन) को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 7 लगभग 16.5 किलोमीटर लंबी है। इन लाइनों की आधारशिला भी प्रधानमंत्री ने 2015 में रखी थी। दोनों लाइनों की परियोजना करीब 12,600 करोड़ रुपए की है।

प्रधानमंत्री ने मुंबई में 7 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, रोड कॉन्क्रीटिंग प्रोजेक्ट और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पुनर्विकास की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-150सी के 65.5 किलोमीटर खंड की आधारशिला भी रखी। छह लेन की यह ग्रीनफील्ड सड़क परियोजना सूरत-चेन्नई एक्सप्रेसवे का हिस्सा है। इसे बनाने में करीब 2,000 करोड़ रुपए की लागत आ रही है।

सूरत- चेन्नई एक्सप्रेसवे छह राज्यों- गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु से होकर गुजरेगा।

PM मोदी के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग पहुंचे।
PM मोदी के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग पहुंचे।

20 आपला दावाखाना का उद्घाटन किया
पीएम नरेंद्र मोदी ने शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे के नाम पर रखे गए 20 आपला दावाखाना (स्वास्थ्य क्लीनिक) का उद्घाटन किया।

मुंबई में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत CM एकनाथ शिंदे और डिप्टी CM देवेंद्र फड़णवीस ने किया।
मुंबई में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत CM एकनाथ शिंदे और डिप्टी CM देवेंद्र फड़णवीस ने किया।

PM ने कर्नाटक को 10,800 करोड़ की सौगात दी, कहा- पिछली सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति की

कर्नाटक के कुलबुर्गी में PM मोदी ने ढोल भी बजाया।
कर्नाटक के कुलबुर्गी में PM मोदी ने ढोल भी बजाया।

इसके पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को कर्नाटक के यादगिरि में 10,800 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें सिंचाई, पेयजल से जुड़ी परियोजनाओं और एक राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना शामिल है। इस दौरान पीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने सिर्फ वोट बैंक की राजनीति की है, जबकि हमारी सरकार की प्राथमिकता विकास है।

PM के संबोधन की 5 बड़ी बातें…
1. 
हमारे देश में दशकों तक करोड़ों छोटे किसान भी हर सुख-सुविधा से वंचित रहे, सरकारी नीतियों में उनका ध्यान तक नहीं रखा गया। आज वही छोटे किसान देश की कृषि नीति की सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं।

2. पहले की सरकार ने जिन जिलों को पिछड़ा घोषित किया, उन जिलों में हमने विकास की आकांक्षा को प्रोत्साहित किया।

3. देश अगले 25 वर्षों के नए संकल्पों को सिद्ध करने के लिए आगे बढ़ रहा है। ये 25 साल देश के प्रत्येक व्यक्ति के लिए अमृतकाल है, प्रत्येक राज्य के लिए अमृतकाल है।

4. PM ने कहा कि जब जल जीवन मिशन शुरू हुआ था, तब 18 करोड़ ग्रामीण परिवारों में से केवल 3 करोड़ ग्रामीण परिवारों के पास नल के पानी का कनेक्शन था। आज देश के करीब 11 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल से पानी मिल रहा है।

5. सूरत-चेन्नई इकोनॉमी कॉरिडोर का जो हिस्सा कर्नाटक में पड़ता है, उस पर भी आज काम शुरू हो गया है। इससे यादगिरि, रायचूर और कलबुर्गी जैसे इलाकों में लोगों को रोजगार मिलेगा।

कर्नाटक में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
कर्नाटक में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

राजस्व गांवों के लाभार्थियों को हक्कू पत्र बांटे
दोपहर करीब 2:15 बजे PM कलबुर्गी जिले के मलखेड़ पहुंचे। जहां नवघोषित राजस्व गांवों के लाभार्थियों को टाइटल डीड (हक्कू पत्र) वितरित किया। इस मौके पर PM ने कहा कर्नाटक के लाखों बंजारा साथियों के लिए आज बहुत बड़ा दिन है। 50,000 से अधिक परिवारों को पहली बार हक्कू पत्र मिला है। कर्नाटक सरकार ने सुशासन और सद्भाव का वो रास्त चुना है जो सदियों पहले भगवान बस्वेश्वरा ने देश-दुनिया को दिया था।

भगवान बस्वेश्वरा ने अनुभव मंडपम जैसे मंच से सामाजिक न्याय और लोकतंत्र का एक मॉडल दुनिया को दिया। समाज के हर भेद-भाव से ऊपर उठकर सबके सशक्तिकरण का मार्ग उन्होंने हमें दिखाया था। लंबे समय तक देश पर राज करने वालों ने नारा देकर समाज के वंचित वर्गों का वोट तो लिया लेकिन उनके विकास के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए। हम उन्हें सशक्त बनाने के लिए काम कर रहे हैं और इन वर्गों को उनके अधिकार मिल रहे हैं।

इस महीने का PM का यह दूसरा कर्नाटक दौरा है। इससे पहले PM 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करने हुबली पहुंचे थे। तब उन्होंने एक रोड शो भी किया था।

हुबली में युवाओं को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि युवा शक्ति की आकांक्षाएं भारत की मंजिल तय करती है।
हुबली में युवाओं को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि युवा शक्ति की आकांक्षाएं भारत की मंजिल तय करती है।