राज्यवायरल न्यूज़

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दी बड़ी राहत, रेगुलर के साथ अनुबंध कर्मियों को भी बढ़ा हुआ वेतन

Prashant bakshi

 

सीएम जयराम ठाकुर ने तीन अप्रैल को की गई अपनी घोषणा से दो कदम और आगे जाते हुए रेगुलर के साथ नॉन रेगुलर कर्मचारियों को भी हायर पे स्ट्रक्चर का लाभ दे दिया है। दो साल के राइडर में फंसे सरकारी कर्मचारियों के लिए यह अधिसूचना गुरुवार शाम को जारी कर दी गई। ‘दिव्य हिमाचल’ ने गुरुवार के ही अंक में सबसे पहले यह सूचना दी थी की राइडर पर कर्मचारियों को खुशखबरी मिलने वाली है। अतिरिक्त मुख्य सचिव फायनांस प्रबोध सक्सेना की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य सरकार ने एचपी सिविल सर्विसेज रिवाइज्ड पे रूल्स 2012 के तहत तीन जनवरी, 2022 तक पदों पर नियुक्त कर्मचारियों को दो साल की रेगुलर अवधि पूरी करने के बाद हायर पे स्ट्रक्चर का लाभ मिलेगा। हायर पे स्ट्रक्चर में प्लेसमेंट कर यह लाभ जूनियर ऑफिस असिस्टेंट आईटी को भी मिलेगा। इस कैटेगरी को पहली बार यह वित्तीय लाभ दिया गया है, क्योंकि इससे पहले इनके लिए बने नियमों में इसका प्रावधान नहीं था और इनको क्लर्क के बराबर हायर ग्रेड-पे नहीं मिलती थी। अधिसूचना में कहा गया है कि यह लाभ देने के लिए 2012 के रूल्स में जरूरी संशोधन पहले किए जाएंगे।

 

इन रूल्स को तीन जनवरी, 2022 को लागू नए पे रिवीजन रूल्स के कारण रिपील कर दिया गया था। अब पहले 2012 के रूल्स संशोधित होंगे और उसके बाद 2022 के रूल्स में भी संशोधन करना पड़ेगा। यह वित्तीय लाभ देने के लिए पहले इन संशोधनों का इंतजार करना होगा। उसके बाद ही पे फिक्सेशन हो पाएगी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को ही यह फाइल क्लीयर कर दी थी, लेकिन इस पर ऑर्डर करवाने के लिए गुरुवार को अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर को और मेहनत करनी पड़ी। इसकी वजह थी बाकी कैटेगरी के लिए जोड़ी गई 3200 रुपए ग्रेड-पे की अतिरिक्त घोषणा। वित्त विभाग जूनियर ऑफिस असिस्टेंट आईटी वाली घोषणा से भी सहमत नहीं था, इसलिए दोबारा से इस पर चर्चा हुई। तब जाकर गुरुवार शाम को अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त की ओर से आदेश जारी कर दिए गए।

 

अश्विनी ठाकुर से मिलने पहुंच गए थे कर्मी

 

दो साल की राइडर में फंसे कर्मचारी महासंघ अध्यक्ष अश्विनी ठाकुर से मिलने दोपहर को ही सचिवालय पहुंच गए थे। अश्विनी ठाकुर उनके साथ फायनांस सेक्रेटरी से मिलने दोबारा से गए। इस दौरान फायनांस सेक्रेटरी और वित्त विभाग के अन्य अफसरों के साथ इनकी बहस भी हुई। शाम को आखिरकार नोटिफिकेशन जारी हो गई।

 

15000 से 17000 का लाभ हर महीने होगा

 

राइडर में फंसे कर्मचारियों को हायर पे स्ट्रक्चर मिलने के कारण 15000 से 17000 रुपए तक का फायदा होगा। वेतन में मिलने वाला यह लाभ मासिक है। इससे भी बड़ी बात यह है कि 2012 के रूल्स संशोधित होने के कारण उस वक्त छूट गई लेफ्ट आउट कैटेगरी को भी फायदा मिलने का रास्ता खुल सकता है, क्योंकि जूनियर ऑफिस असिस्टेंट आईटी को यह लाभ दिया गया है, जिनके लिए पहले यह प्रावधान नहीं था। इन आदेशों के साथ पे कमीशन ऑप्शन डेट नहीं दी गई है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram