Thursday, October 10, 2024

राज्य

कांग्रेस को एक और झटका, दिवंगत नेता सुखराम के पोते आश्रय शर्मा ने छोड़ी पार्टी

हिमाचल  (दिव्य प्रभात)   विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। राज्य महासचिव आश्रय शर्मा ने शुक्रवार को कांग्रेस छोड़ दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पार्टी बनने की बजाय कांग्रेस अब प्राइवेट लिमिटेड फर्म बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि मेरे पिता ने मेरे लिए मंत्री पद छोड़ दिया था, अब मैं उनके लिए कांग्रेस पार्टी छोड़ रहा हूं। मालूम हो कि शर्मा दिवंगत नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के पोते हैं।

आश्रय शर्मा ने हिमाचल पार्टी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके विधायक बेटे विक्रमादित्य सिंह पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘मुझे हैरानी होती है कि आखिर क्यों हाई कमांड हिमाचल प्रदेश में राज परिवार के आगे कुछ नहीं देखा पाता, जबकि उसके पास कई टैलेंटेड लोग हैं।’

‘प्रतिभा सिंह के लिए हमेशा किया काम, लेकिन…’
शर्मा ने 11 सितंबर को युवा रोजगार संघर्ष यात्रा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसकी वजह उन्होंने विक्रमादित्य सिंह के हस्तक्षेप को बताया था। उन्होंने कहा कि मैंने हर बार प्रतिभा सिंह के लिए काम किया, लेकिन जीतने के बाद वह चंपा ठाकुर को टिकट बांटने लगीं। बता दें कि आश्रय शर्मा सलमान खान की बहन के देवर हैं और आयुष के छोटे भाई हैं।

बारिश के चलते BJP ज्वाइन करने का कार्यक्रम रुका
बीते सितंबर में ही आश्रय के भाजपा में शामिल होने की अटकलें थीं, लेकिन कुछ वजहों से यह कार्यक्रम टल गया। आश्रय के पिता और मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने बताया था कि उनके पुत्र का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान पार्टी में शामिल होने का कार्यक्रम था। लेकिन, मौसम खराब होने के कारण पीएम मोदी का दौरा रद्द हो गया, हालांकि प्रधानमंत्री ने जनसभा को डिजिटल माध्यम से संबोधित किया था।

कांग्रेस में बिताया समय नहीं भूलूंगा: शर्मा
शर्मा ने कहा कि विक्रमादित्य इस समय गाना गा रहे हैं कि- माये नी मेरिए शिमले दी राहे चंबा है कितनी कर दूर। उन्हें अब चंबा जाने से कुछ नहीं मिलने वाला है, क्योंकि उनके किचन कैबिनेट की मुख्य कड़ी हर्ष महाजन तो अब भाजपा में हैं। उन्होंने कहा कि 12 साल पहले एक आम कार्यकर्ता के रूप में मैंने कांग्रेस में ब्लॉक स्तर पर काम शुरू किया। कांग्रेस में बिताया समय नहीं भूलूंगा। पार्टी के हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता से मुझे प्यार मिला है।