राष्ट्रीय

कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता जरूरी, प्रधानमंत्री ने तेल, फर्टिलाइजर और कच्चे तेल का आयात घटाने का किया आह्वान

नई दिल्ली। कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए साझा प्रयास की जरूरत बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा ‘खाद्य तेल, फर्टिलाइजर और कच्चे तेल के आयात पर सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा खर्च होती है। विदेशों की समस्याओं का असर हमारे यहां भी पड़ता है। इन जिंसों की आयात निर्भरता घटानी होगी। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम सबको मिलकर संकल्प करना होगा।’ प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को यहां पीएम-किसान सम्मान सम्मेलन-2022 को संबोधित कर रहे थे।
पीएम-किसान योजना की 12वीं किस्त जारी
इसी दौरान उन्होंने पीएम-किसान योजना की 16,000 करोड़ रुपये की 12वीं किस्त आठ करोड़ किसानों के बैंक खातों में डिजिटल तरीके से जमा की। सम्मेलन में मौजूद किसानों के अलावा वर्चुअल तरीके से जुड़े करोड़ों किसानों से बातचीत करने के अंदाज में उन्होंने फर्टिलाइजर क्षेत्र में किए गए दो प्रमुख सुधारों का जिक्र किया।
फर्टिलाइजर दुकानों को समृद्धि केंद्रों के रूप में विकसित करने का अभियान
देशभर में सोमवार से सवा तीन लाख से अधिक फर्टिलाइजर दुकानों को प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों के रूप में विकसित करने का अभियान शुरू किया गया है। यहां अब सिर्फ खाद ही नहीं मिलेगी, बल्कि बीज, कृषि उपकरण और मिट्टी के परीक्षण के साथ खेती से जुड़ी हर तरह की जानकारी भी प्राप्त होगी।
‘एक देश एक उर्वरक’ की योजना को किया गया लागू
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने पूरी तरह विकसित 600 ऐसे केंद्रों की शुरुआत भी की। दूसरा सुधार, फर्टिलाइजर की मल्टी ब्रांडिंग की जगह ‘एक देश एक उर्वरक’ की योजना को लागू किया गया है। अब देश में एक ही भारत ब्रांड से सभी खाद बिकेंगी।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram