दुखद

आशुतोष स्वरूप की अंतिम यात्रा में जुटे लोग, पालिका में रहा अवकाश

मुजफ्फरनगर।  प्रमुख उद्यमी और समाजसेवी आशुतोष स्वरूप बंसल मंगलवार को गमगीन माहौल में पंचतत्व में विलीन हो गये।  बीती रात कार्डियक अरेस्ट होने के कारण आशुतोष स्वरूप का आकस्मिक निधन हो गया। वो 69 साल के थे। उनके पिता स्व. विष्णु स्वरूप शाह जी मुजफ्फरनगर विधानसभा सीट से 60 के दशक में निर्दलीय विधायक चुने गये थे। वो अपने परिवार में सबसे बड़े पुत्र थे। उनके चार पुत्रियां हैं। आज शहर श्मशान घाट पर उनकी अंत्येष्टि में जिले के राजनेता, शिक्षाविद, समाजसेवी, उद्यमी, व्यापारी सहित सैंकड़ों लोग मौजूद रहे। उनके भतीजे ने  मुखाग्नि दी। उनके अचानक हुए निधन के कारण उनकी कनाडा में रह रही पुत्री अंतिम दर्शन के लिए नहीं आ पाई थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। आशुतोष स्वरूप नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के जेठ थे, जिस कारण आज पालिका में शोक सभा हुई और इसके बाद अवकाश घोषित कर दिया गया। 

 

पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु स्वरूप के सबसे बड़े बेटे और पूर्व मंत्री स्वर्गीय चितरंजन स्वरूप के भतीजे आशुतोष स्वरूप का बीती रात अचानक ही दुखद निधन हो गया। देर रात जैसे ही ये खबर फैली तो लोग भी उनके आकस्मिक निधन से भौचक्क हो गये और रात्रि में ही उनके आवास पर रिश्तेदारों व अन्य लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था उनकी एक बेटी परिवार सहित कनाडा में रहती है, जो यहां नहीं आ पाई। पूरे स्वरूप परिवार में गहरे शोक की लहर दिखाई दी। सवेरे साढ़े नौ बजे होली एंजिल्स के सामने स्थित स्वरूप आवास से आशुतोष बंसल की अंतिम यात्रा प्रारम्भ हुई। उनके भाई शंकर स्वरूप और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप एवं अन्य ने जैसे ही उनकी अर्थी को अपने कंधों पर उठाया, तो परिवार में कोहराम नजर आया। उनकी बेटियों और अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल रहा। परिवार की महिलाएं भी उनकी अंतिम यात्रा में शामिल रहीं। अंतिम यात्रा वाहन से उनका पार्थिव शरीर शहर श्मशान घाट ले जाया गया, जहां पर उनकी अंत्येष्टि हुई। उनके भतीजे और शंकर स्वरूप के पुत्र अभिनव स्वरूप ने  मुखाग्नि दी। गौरव स्वरूप, सौरभ स्वरूप बंटी, विकास स्वरूप बब्बल, अजय स्वरूप अज्जू, मनोज स्वरूप, कार्तिक स्वरूप, करण स्वरूप, माधव स्वरूप, मीनाक्षी स्वरूप सहित सभी परिजनों की मौजूदगी में आशुतोष स्वरूप बंसल पंचतत्व में विलीन हो गये।

इस दौरान शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से पूर्व विधायक अशोक कंसल, पूर्व मंत्री राजकुमार यादव, सपा नेता प्रमोद त्यागी एड़, पूर्व चेयरमैन पंकज अग्रवाल, आकाश कुमार एसडी गु्रप, उद्यमी भीमसेन कंसल, कुंजबिहारी अग्रवाल, पियूष अग्रवाल मूलचंद रिसोर्ट, कुशपुरी, पूर्व सभासद विपुल भटनागर, शरद बंटी, पूर्व सभासद विकल्प जैन, भाजपा नेता राहुल गोयल, व्यापारी नेता कृष्णगोपाल मित्तल, सुखदर्शन सिंह बेदी, उद्यमी अशोक अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, स. अमरजीत सिंह सिडाना, इलम सिंह गुर्जर, पूर्व सभासद लक्ष्मण सिंह, आशुतोष गुप्ता, सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, मोहित मलिक, सहित सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।

वहीं पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के जेठ आशुतोष स्वरूप का निधन होने के कारण मंगलवार को  शोक सभा में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया। पालिका के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने शोक संवेदना व्यक्त की और इसके साथ ही पालिका में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया गया। शोक सभा में ईओ हेमराज सिंह, एई अखंड प्रताप, जेई कपिल कुमार व विकास कुमार, एई सुनील कुमार, टीएस नरेश शिवालिया, ओमवीर सिंह सहित सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।