
जलशक्ति विभाग को सबसे ज्यादा 25 करोड़ की क्षति, सैकड़ों ट्यूबवेलों को पहुंचा नुकसान, लोक निर्माण विभाग को 4.12 करोड़ की चपत
ऊना
जिला ऊना में बारिश लगातार कहर बरपा रही है। पिछले 24 घंटों में हुई बारिश ने जहां जन-जीवन अस्त व्यस्त कर रख दिया। वहीं बारिश से 30.32 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है। बारिश से सबसे अधिक नुकसान जल शक्ति विभाग को पहुंचा है। बाढ़ और भारी बारिश के चलते पेयजल योजनाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। जल शक्ति विभाग को ही 25 करोड़ 94 लाख 96 हजार रुपए तक पहुंच गया है। बारिश से 250 ट्यूबवेलों को नुकसान पहुंचा है। पंप मशीने खराब हो गई। ग्राउंड लेबल के नीचे लगे पंप हाऊसों में पानी व कीचड़ भर गया।
जिससे मशीनरी खराब हो गई। कई जगह राइजिंग मेन लाईनें टूट गई। जीआई पाईपों को क्षति पहुंची है। अब विभाग की ज्यादातर मशीनरी की दोबारा से रिपेयर की जाएगी। वहीं कई मशीनों को नए सिरे से लगाया जाएगा। वहीं, लोक निर्माण विभाग की सडक़ें, पुल व अन्य संरचनाएं लगातार बारिश से प्रभावित हुई हैं। विभाग ने अब तक 4 करोड़ 12 लाख 69 हज़ार रुपये का नुकसान आंका है। सडक़ें क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण और शहरी दोनों ही क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था भी चरमराई है। इसके अलावा लोगों की निजी संपत्तियां भी मानसूनी कहर से सुरक्षित नहीं रही। एक आंशिक पक्के मकान को 50 हजार रुपए, आठ आंशिक कच्चे मकानों को 2 लाख 66 हजार तथा 11 गोशालाओं को 2 लाख 50 हजार रुपए का नुकसान है।
-एचडीएम
बारिश से दो स्कूलों को पहुंचा नुकसान
जिले के दो सरकारी स्कूल भवनों को मानसून की मार झेलनी पड़ी है। बारिश स्कूलों की चारदीवारी सहित पानी घुसने से भारी नुकसान हुआ है। स्कूलों में हुए नुकसान का आकलन 19 लाख रुपये किया है। पढ़ाई प्रभावित हुई है।
प्रभावितों को राहत पहुंचाने में जुटा प्रशासन
जिला प्रशासन द्वारा बचाव कार्य जारी है। राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी फील्ड में जाकर नुकसान का आंकलन करने में जुटे हुए है ताकि नुकसान की भरपाई की जा सके और जहां नुकसान हुआ है उसे दुरुस्त किया जा सके।
कार्यालयों सहित रिहायशी इलाकों में नुकसान
ऊना में पिछले चौबीस घंटों में 132.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। 7 घंटों में बारिश ने कहर बरपा दिया। बारिश से जहां ऊना, अंब व गगरेट में कई सरकारी कार्यालयों को नुकसान पहुंचाया। वहीं रिहायशी बस्तियों में पानी घुसने से भारी नुकसान पहुंचा है।