हिमाचल प्रदेश

शिमला:-हिमलैंड में भूस्खलन, रात दो बजे खाली किया घर

रिश्तेदार के घर ली शरण, डीसी ने दो दिन सेंट एडर्वड स्कूल बंद रखने के दिए आदेश

शिमला
राजधानी शिमला के हिमलैंड में फिर से गुरुवार रात करीब दो बजे भारी लैंड स्लाइड हुआ। इस लैंड स्लाइड के कारण एक भवन पर खतरा पैदा हो गया है, जो बहुमंजिला है। इस घर के बेसमेंट में लगा डंगा गिर गया है। रात को जब लैंड स्लाइड हुआ तो यहां पर रह रहे दो परिवारों ने भवन को तुरंत खाली कर दिया और अपने रिश्तेदारों के घरों में चले गए। रात को ही डीसी शिमला को इसकी सूचना दी गई। उसके बाद डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने लोक निर्माण विभाग और नगर निगम से संपर्क किया। वहीं, रात तीन बजे ही यहां पर रोड क्लीयर करने के आदेश दिए।

हालांकि यहां पर स्थित सेंट एडर्वड स्कूल के बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए डीसी शिमला ने रात 3:30 बजे ही स्कूल बंद रखने का आदेश जारी कर दिया। यहां पर दो दिन की छुट्टी घोषित की गई। इसके बाद लोनिवि के साथ लगातार डीसी शिमला ने संपर्क बना लिया और रात को ही यहां पर जेसीबी भेजने के आदेश कर दिए। लैंड स्लाइड इतना था कि रात चार बजे से लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू किया था और शुक्रवार दोपहर दो बजे तक रोड को क्लीयर करने का काम चलता रहा। नौ बजे तक छोटे वाहनों के लिए रोड खोल दिया था। लेकिन लोकल बसों और बड़े वाहनों की आवाजाही दोपहर दो बजे तक बंद रही।

हमने रात को ही रोड क्लीयर करने के आदेश दिए थे। बुधवार दोपहर तक रोड बहाल किया, लेकिन यहां पर एक घर को खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने रात को ही घर खाली कर दिया था और वह अपने रिश्तेदारों के घरों में चले गए हैं। लोनिवि को आदेश दिए हंै कि यहां पर जल्द डंगा लगा दें। ताकि यहां पर किसी के घर को कोई नुकसान न पहुंचे।
– अनुपम कश्यप, डीसी शिमला।

लोक निर्माण विभाग लगाएगा डंगा
हिमलैंड के पास हुए लैंड स्लाइड के कारण यहां पर कई घरों को खतरा बन सकता है। एक घर को तो अनसेफ घोषित कर दिया है। ऐसे में जिला प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को आदेश दिए हैं कि इस रोड पर जहां लैंड स्लाइड हुआ है वहां पर शीघ्र डंगा लगाया जाए। लेकिन इसके लिए पहले जियोलॉजिकल सर्वे होगा और उसके बाद ही डंगा लगाया जाए ताकि फिर से लैंड स्लाइड न हो।

Leave a Response