दुखदराज्य

लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर हादसा, फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ 30 फुट गहरी खाई में गिरी कार, दो की मौत

बरेली। बरेली से दिल्ली जा रही कार फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ 30 फुट गहरी खाई में गिरी। शुक्रवार को आधी रात लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे (Lucknow Delhi National Highway) पर हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
जबकि तीन लोग घायल हो गए। मृतक लखीमपुर खीरी के बताए जा रहे है। जो कार खरीदने दिल्ली जा रहे थे। वहीं पुलिस घटना के कारणों का पता लगा रही है।
शुक्रवार की रात बरेली से दिल्ली जा रही एक एसेंट कार लखनऊ दिल्ली नेशनल हाईवे पर मीरगंज फ्लाईओवर के पास अनियंत्रित हो गई। जिसके चलते कार फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ 30 फुट नीचे खाई में जा गिरी। घटना की सूचना राहगीर ने पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही मौके पर मीरगंज सीओ राजकुमार मिश्र, एसएचओ सतीश कुमार यादव, चौकी इंचार्ज अनिल कुमार सहित पुलिस फोर्स पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर कार में फंसे लोगों को किसी तरह से बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक घटना के समय कार में गुरप्रीत सिंह, सलीम ,आमिर , वकीलउद्दीन, सलीम निवासीगण मोहम्मदी लखीमपुर खीरी सवार थे जो कार खरीदने दिल्ली जा रहे थे। पुलिस ने कार से निकालकर सभी को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
यहां उपचार के दौरान सलीम (40) पुत्र सैफतुल्ला व आमिर (28) पुत्र बब्बन निवासीगण मोहम्मदी लखीमपुर खीरी की मृत्यु हो गई।जबकि अन्य तीन लोगों का उपचार चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है।एसएचओ सतीश कुमार यादव ने बताया की घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
घायलों से जानकारी मिली है कि वह कार खरीदने दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने बताया की घटना में मृतक युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके साथ ही घटना की जानकारी परिजनों को भी दे दी गई है। इधर घटना में मौत की खबर मिलते ही परिजनों में भी चीख पुकार मची हुई है।