राज्य

मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ बोले- आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रदेश में फहराए जाएंगे तीन करोड़ 18 लाख तिरंगे, हर गांव हर घर होगा उत्‍सव

लखनऊ। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश में 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जाना है। प्रदेश सरकार ने 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी के साथ हुई वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों का ब्योरा साझा किया।
बताया कि प्रदेशभर में तीन करोड़ 18 लाख तिरंगे फहराए जाएंगे। अपने सरकारी आवास पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आजादी के अमृत महोत्सव के विजन को देश में उत्साह और उमंग के साथ पूरा किया जा रहा है। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत प्रदेश में कुल तीन करोड़ 18 लाख तिरंगे फहराए जाएंगे। 31 जुलाई, 2022 तक जिला मुख्यालय तक झंडे भेज दिए जाएंगे।
तिरंगा वितरण केंद्रों में सभी विद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी केंद्र शामिल हैं। दो करोड़ 68 लाख तिरंगे आवासीय भवनों में लगाए जाएंगे, 50 लाख तिरंगों को सरकारी कार्यालयों, गैर-सरकारी कार्यालयों और अन्य वाणिज्यिक संस्थानों में फहराया जाएगा। एक झंडा गीत जयघोष प्रदेश ने तैयार किया है।
इसके अलावा केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी भव्यता के साथ हर घर तिरंगा कार्यक्रम मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग द्वारा दो करोड़ झंडों की खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। एक करोड़ 18 लाख तिरंगे स्वयं सहायता समूहों, एनजीओ, निजी सिलाई केंद्रों आदि के माध्यम से बनाए जा रहे हैं। इन्हें विकासखंडों के स्टोर में रखा जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी को इस काम के प्रभारी होंगे।
विकासखंड स्तर पर बीडीओ, ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी को प्रभारी बनाया गया है। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के दौरान प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई एवं सूचना नवनीत सहगल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram