Wednesday, October 9, 2024

अंतरराष्ट्रीय

अरबपति जिओ जियानहुआ को चीन ने सुनाई 13 साल की सजा, कंपनी पर लगाया 8 बिलियन डॉलर का जुर्माना

बीजिंग। चीन के सबसे अमीर लोगों में शुमार चीनी-कनाडाई उद्योगपति जिओ जियानहुआ को संघाई कोर्ट ने शुक्रवार को 13 साल जेल की सजा सुनाई है। अदालत ने अरबपति की कंपनी टुमॉरो होल्डिंग्स समूह पर 8 बिलियन डॉलर का जुर्माना भी लगाया। पांच साल पहले जिओ जियानहुआ को हांगकांग के एक होटल से गिरफ्तार कर चीन लाया गया था।
साल 2017 के बाद नहीं दिखे जिओ जियानहुआ
बता दें कि चीन में जन्मे जिओ जियानहुआ को कनाडाई नागरिकता प्राप्त है। साल 2017 में उन्हें आखिरी बार सार्वजनिक रूप से देखा गया था। जिओ चीन के कम्युनिस्ट पार्टी से संबंध रखने के लिए जाने जाते हैं।
शंघाई फर्स्ट इंटरमीडिएट कोर्ट ने कहा कि जिओ और उनकी कंपनी टुमॉरो होल्डिंग्स पर अवैध रूप से सार्वजनिक जमा राशि को निकालने, सौंपी गई संपत्ति के उपयोग के साथ विश्वासघात, धन के अवैध उपयोग का आरोप था। शुरुआत में जिओ को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी लेकिन कनाडा ने जुलाई में बताया कि वह मुकदमे का सामना कर रहे हैं।
अदालत ने सजा को कम करने की बात कही
संघाई कोर्ट ने कहा कि उद्योगपति जिओ की सजा को कम कर दिया गया क्योंकि उन्होंने अपने अपराधों को स्वीकार कर लिया था और अवैध लाभ की वसूली और नुकसान को बहाल करने में सहयोग किया था। कोर्ट ने कहा कि जिओ और टुमॉरो कंपनी ने वित्तीय प्रबंधन आदेश का गंभीर उल्लंघन किया है।
संघाई की अदालत ने बताया कि साल 2001 से 2021 तक जिओ और टुमॉरो कंपनी ने वित्तीय पर्यवेक्षण से बचने और गैरकानूनी लाभ के लिए लगभग 680 मिलियन युआन (चीनी करेंसी) के शेयर, धन, नकद, जमीन और अन्य संपत्ती सरकारी अधिकारियों के दिए।