देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को दिनभर ग्राउंड जीरो पर डटे रहे। उन्होंने ऊधम सिंह नगर जिले में आमजन से संवाद किया और इसके बाद सीधे चमोली पहुंचकर आपदा प्रभावितों का दर्द बांटा।

यही नहीं, रुद्रप्रयाग जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भी उन्होंने जायजा लिया। देर शाम को देहरादून लौटकर उन्होंने भाजपा नेताओं के साथ बैठक की। इसके अलावा अधिकारियों को विभिन्न विषयों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी शनिवार को पूरे दिन जनता के बीच रहे। सुबह नौ बजे उन्होंने ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में आम जनता से मुलाकात कर समस्याएं सुनीं। साथ ही अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के आपदा प्रभावित नंदानगर क्षेत्र के लिए उड़ान भरी। नंदानगर में उन्होंने आपदा प्रभावितों के बीच जाकर उनके दुख-दर्द को साझा किया। उन्होंने पीडि़तों को सहायता राशि प्रदान करने के साथ ही जीवन को संवारने में सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने इसके बाद चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। फिर उन्होंने रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर पुनर्निमाण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

रुदप्रयाग से लौटते समय मुख्यमंत्री ने श्रीनगर के पास मां धारी देवी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की कुशलता की कामना की। शाम को देहरादून लौटने पर उन्होंने अपने आवास पर भाजपा नेताओं के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। यही नहीं, उन्होंने अधिकारियों के साथ भी बैठक की।