
शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गुरुवार को अचानक दिल्ली गए हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर पार्टी में चल रही चर्चा को अब अंतिम रूप दिया जा सकता है। चर्चा यह भी है कि कांग्रेस के नए संगठन के साथ राज्य सरकार में भी नई नियुक्तियां हो सकती हैं। हिमाचल में कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भंग कर दिया था, जबकि प्रतिभा सिंह अभी भी अध्यक्ष हैं। इस कारण वर्तमान में पार्टी का कोई स्ट्रक्चर अभी नए सिरे से नहीं बना है। नए अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी का ब्लॉक तक गठन होना है। हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रतिमा अनावरण के लिए सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी शिमला आई थीं और उसके बाद राहुल गांधी भी शिमला आए थे।
अब ये तीनों भी गुरुवार को वापस दिल्ली चले गए हैं। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल संगठन में बदलाव को लेकर पहले ही कई स्तर की बैठकें कर चुकी हैं। वह अपनी रिपोर्ट भी हाईकमान को दे चुकी हैं। इसलिए इस बारे में जल्दी फैसला अब हो सकता है। जहां तक सरकार की बात है, तो कैबिनेट में मंत्री का एक पद अभी खाली चल रहा है। विधानसभा अध्यक्ष को कैबिनेट में जगह देकर नया स्पीकर लगाने की चर्चा भी लंबे समय से हो रही है। मंडी संसदीय सीट पर कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की कैबिनेट में एंट्री को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। इसलिए कांग्रेस संगठन में नई नियुक्तियों के साथ सरकार में भी कुछ नयापन दिख सकता है।
कुलदीप राठौर के नाम पर दिल्ली से सियासत गरमाई
राठौर ने उत्तराखंड के ऑब्जर्वर के तौर पर केसी वेणुगोपाल से की मीटिंग
फिर हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से भी की भेंट
शिमला
हिमाचल में नए कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच कांग्रेस विधायक और पूर्व अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने दिल्ली की हलचल की वजह से हिमाचल की सियासत गरमा दी है। दिल्ली दौरे के दौरान पहले उन्होंने कांग्रेस हाईकमान में केसी वेणुगोपाल से बैठक की। यह बैठक उत्तराखंड के ऑब्जर्वर के तौर पर थी, जिसमें हरियाणा से कांग्रेस नेता शैलजा भी मौजूद रहीं। इसके बाद कुलदीप राठौर ने हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की। इसे हालांकि शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है।
दिल्ली में इस हलचल के बाद हिमाचल में यह माहौल बन गया कि कुलदीप राठौर अगले अध्यक्ष होंगे। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने अभी इस बारे में अंतिम फैसला नहीं लिया है। बता दें कि हाल ही में कुलदीप सिंह राठौर और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर दिल्ली दौरे पर गए थे। इसलिए इन दोनों के नाम कांग्रेस के नए अध्यक्ष के लिए उठ रहे हैं। कुलदीप राठौर इससे पहले भी अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि रोहित ठाकुर वर्तमान सरकार में शिक्षा मंत्री हैं।



