राजनीति

हिमाचल प्रदेश में कांटे की टक्कर, गुजरात में फिर भाजपा

एग्जिट पोल में प्रदेश में रिवाज बदलने या बरकरार रहने पर संशय बरकरार

दिव्य  ब्यूरो — नई दिल्ली

हिमाचल प्रदेश में यूं तो हर पांचवें वर्ष सरकार बदलने की परंपरा रही है, लेकिन इस बार कम से कम एग्जिट पोल में तो दोनों पार्टियों में कांटे की टक्कर दिख रही है। एक्सिस-आज तक सर्वे में इस बार कड़ी टक्कर की संभावना के बीच सरकार उलटने के आसार भी खारिज नहीं किए गए हैं। हालांकि तीन एग्जिट पोल्स के मुताबिक भाजपा की सरकार बचती दिख रही है। टाइम्स नाउ नवभारत और ईटीजी सर्वे में हिमाचल प्रदेश में 38 सीटें भाजपा के खाते में दिख रही है, जबकि कांग्रेस को 28 सीटें ही मिल रही हैं। इस सर्वे में आप का हिमाचल में खाता भी खुलता नहीं दिख रहा है। वहीं, आर-भारत और पी मार्क के सर्वे के अनुसार हिमाचल प्रदेश में भाजपा 36 सीटें लेकर सरकार बचाने में कामयाब होती दिख रही है, जबकि कांग्रेस को 30 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। इसने आप के खाते में भी एक सीट डाली है।

जी न्यूज और बार्क के सर्वे में हिमाचल प्रदेश में 38, जबकि कांग्रेस को 23 सीटें मिलती दिख रही हैं। इस सर्वे में भी आप को एक सीट मिलती दिख रही है। सी-वोटर और आज तक के सर्वे के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में 44 प्रतिशत महिलाओं और 40 प्रतिशत पुरुषों ने भाजपा का समर्थन किया। वहीं, कांग्रस को 43 प्रतिशत महिलाएं एवं 45 प्रतिशत पुरुष अपना समर्थन देते दिख रहे हैं। भाजपा को 34 प्रतिशत एससी, 44 प्रतिशत एसटी, सात प्रतिशत मुस्लिम, 46 प्रतिशत ओबीसी और 50 प्रतिशत चौधरी वोट मिल रहे हैं। वहीं, कांग्रेस को 52 प्रतिशत एससी, 43 प्रतिशत एसटी, 65 प्रतिशत मुसलमान, 43 प्रतिशत ओबीसी और 34 प्रतिशत चौधरी मतदाताओं का समर्थन मिलता दिख रहा है।

एग्जिट पोल में कांग्रेस नहीं दे पाई टक्कर, आप के बुरे हाल

दिव्य ब्यूरो — नई दिल्ली

27 सालों से गुजरात में सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी को इस बार भी कोई चुनौती मिलने की संभावना नहीं है और एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी को गुजरात में एकतरफा जीत मिलती हुई दिख रही है। टीवी 9 भारत वर्ष के अनुसार गुजरात विधानसभा की 182 सीटों में से भाजपा को 125 से 130, कांग्रेस को 40 से 50, आम आदमी पार्टी 3 से 5 तथा अन्य को 3 से 7 सीटें मिलने का अनुमान है। रिपब्लिक भारत पी-मार्क के एग्जिट पोल में गुजरात में भाजपा को 128 से 148, कांग्रेस को 30 से 42, आम आदमी पार्टी को 2 से 10 तथा अन्य को 0 से 3 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

न्यूज नेशन के सर्वेक्षण में गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को 167, कांगेस को 04 और आम आदमी पार्टी को 11 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। पिछले 27 सालों से भारतीय जनता पार्टी गुजरात की सत्ता में काबिज है। आम तौर पर राज्य में भाजपा और कांग्रेस ही मुख्य रूप से लड़ाई में होती थी, लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी ने राज्य में चुनावी मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। पिछले कई महीनों से आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने बेहद आक्रामक होकर राज्य में प्रचार किया है। हालांकि कम से कम एग्जिट पोल में उनका कोई असर नहीं दिख रहा है।