हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में मानसून का जबरदस्त तांडव, आठ और मौतें

कांगड़ा-कुल्लू समेत चार जिलों के लिए आज यलो अलर्ट, बाकी आठ जिलों के लिए बारिश से राहत के आसार

शिमला

हिमाचल प्रदेश में मानसून का तांडव लगातार जारी है और काल ने आठ और लोगों को अपना शिकार बना लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिमला के रामपुर बीथल के पास काली मिट्टी के समीप चलती बस पर चट्टान से एक बड़ा पत्थर गिर गया, जिससे बस में सवारद दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। वहीं मंडी के सुंदरनगर शहर की ग्राम पंचायत चाम्बी के जंगमबाग में हुए भीषण लैंडस्लाइड के मलबे से बुधवार को चार और शव बरामद किए गए और इस हादसे में मरने वालों का आंकड़ा सात तक पहुंच गया है। जिला कुल्लू में इनर अखाड़ा में भारी भू-स्खलन के चलते चार से पांच मकानों को नुकसान पहुंचा है, वहीं मलबे में दो जिंदगियां दब गई हैं। इनमें एक जम्मू-कश्मीर का मजदूर है, तो दूसरा एनडीआएफ का जवान है। इसके साथ ही प्रदेश में आपदा में मरने वालों की कुल संख्या 351 हो गई है। प्रदेश में भारी बारिश के चलते जगह-जगह पर भू-स्खलन हो रहा है जिससे लोग सहमे हुए हैं। भू-स्खलन के चलते शिमला, मंडी, कुल्लू सहित राज्य के अन्य जिलों में कई भवन खतरे की जद्द में आ गए हंै। मंडी में भू-स्खलन के कारण एक पूरा गांव खाली करा दिया गया है। मंडी के जोगिंद्रनगर के कुंडुनी गांव में पहाड़ दरकने से 10 घर जमींदोज हो गए।

यहां छह से ज्यादा घर गिरने के कगार पर हैं। प्रशासन ने गांव खाली कराते हुए 24 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया। सिरमौर में गिरी नदी में भी दो मकान बहने की सूचना है। शिमला के कृष्णानगर में भी भू-स्खलन होने के बाद छह मकानों को खाली करवाया गया है। शहर के अनाडेल व पटयोग में भी प्रशासन द्वारा घर खाली करवाए गए हैं। इसके साथ ही इस मानसून सीजन के दौरान अभी तक प्रदेश में 351 लोगों की मौतें हो चुकी है, जबकि राज्य में अब भी विभिन्न जिलों में 41 लोग लापता चल रहे हैं। प्रदेश में 917 मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिनमें 387 पक्के और 530 कच्चे मकान शामिल हैं। इसके अलावा राज्य के विभिन्न स्थानों पर 1063 पक्के और 2517 कच्चे मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। राज्य में भारी संख्या में सडक़ें यातायात के लिए बाधित हैं और कुल 1359 सडक़ों पर आवाजाही नहीं हो रही है। इसके साथ पांच एनएच भी बाधित पड़े हैं। उधर, मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिला के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यहां एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, वहीं तेज बारिश की भी चेतावनी है। राज्य के शेष जिलों के लिए किसी भी प्रकार की चेतावनी नहीं दी गई है, जहां पर कुछ स्थानों पर हल्की व मध्यम बारिश हो सकती है। सात सितंबर तक इन जिलों में ऐसा ही पूर्वानुमान दिया गया है, जिससे आम जनता को कुछ राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।

तीन दिनों में बारिश ने तोड़ा रिकार्ड

हिमाचल प्रदेश में सितंबर के शुरुआती तीन दिनों के दौरान सामान्य से सामान्य से 534 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। बिलासपुर में सामान्य से 1007, कुल्लू में 1035 और सोलन में 1005 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। इसके अलावा शिमला में 766, सिरमौर में 792, लाहुल-स्पीति में 668 और ऊना में 543 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

सात दिन और जारी रहेगी इंट्रा रोमिंग सुविधा

दूरसंचार विभाग हिमाचल प्रदेश लाइसेंस सेवा क्षेत्र केअपर महानिदेशक दूरसंचार ने सूचित किया है कि चंबा, कुल्लू और लाहुल-स्पीति जिलों में इंट्रा-सर्किल रोमिंग सुविधा को सात दिन और बढ़ा दिया गया है, जोकि 10 सितंबर जारी रहेगी।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram