
दिल्ली के भारत मंडपम में बुधवार से नौवां अंतर्राष्ट्रीय फुटवियर मेला शुरू हो रहा है। भारतीय व्यापार संवर्द्धन संगठन द्वारा आयोजित इस मेले में फुटवियर सिंथेटिक सामग्री मशीनरी और रसायन प्रदर्शित होंगे। इस व्यावसायिक आयोजन में भारत और विदेशों से लगभग 15000 व्यापारियों के आने की उम्मीद है। जापान और ताइवान विदेशी भागीदार हैं।
- फुटवियर मेला भारत मंडपम में बुधवार से
- 15,000 से अधिक व्यापारियों की उम्मीद
- जापान और ताइवान विदेशी भागीदार
नई दिल्ली। भारतीय व्यापार संवर्द्धन संगठन (आइटीपीओ) के वार्षिक आयोजन भारत अंतर्राष्ट्रीय फुटवियर मेला (आइआइएफएफ) दिल्ली 2025 की शुरुआत बुधवार से होने जा रही है।
यह नौवां फुटवियर मेला है और भारत मंडपम के हॉल नंबर पांच (भूतल) व हॉल नं. छह में छह से आठ अगस्त तक चलेगा। यह एक बी-टू-बी (व्यावसायिक) आयोजन है। आइआइएफएफ 2025 में फुटवियर, सिंथेटिक सामग्री, फुटवियर घटक, सहायक उपकरण, मशीनरी और उपकरण तथा रसायन प्रदर्शित किए जाएंगे।
इस मेले में लगभग 15,000 भारतीय एवं विदेशी व्यापारिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है। सोमवार को पत्रकार वार्ता में आइटीपीओ के ओएसडी कर्नल लेफ्टिनेंट हर्ष कंडोलिया ने बताया कि मेले का आयोजन कंफेडरेशन ऑफ इंडियन फुटवियर इंडस्ट्री (सीआइएफआइ) के सहयोग से किया जा रहा है।
प्रदर्शनी प्रोफाइल में हॉल नंबर पांच भूतल में रसायन, कंपोनेंट्स, सामग्री जैसे संबद्ध क्षेत्र शामिल हैं, जबकि हॉल नं. छह में फुटवियर और मशीनरी का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें सिंथेटिक सामग्री जैसे पीवीसी, पीयू, फैब्रिक सोल्स, चिपकने वाले रसायन, चमड़े से बने उत्पाद और एसेसरीज़ भी प्रदर्शित की जाएंगी।