राज्य

यूपी के 75 ज‍िलों में से स‍िर्फ तीन में राहुल गांधी करेंगे भारत जोड़ो यात्रा, तीन जनवरी से होगी शुरु

लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर अपनी तैयारियां और तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पश्चिमी प्रांत के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने गाजियाबाद में पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राहुल की पदयात्रा को लेकर कार्ययोजना बनाई। सिद्दीकी का कहना है कि राहुल की पदयात्रा तीन जनवरी की सुबह लगभग 10 बजे दिल्ली से आकर गाजियाबाद के लोनी बार्डर से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी।
कैराना जाएंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी गाजियाबाद के बाद चार जनवरी को बागपत व पांच जनवरी को शामली में पदयात्रा करेंगे। पांच जनवरी की शाम राहुल गांधी की यात्रा कैराना से होकर सोनीपत (हरियाणा) में प्रवेश करेगी। सिद्दीकी का कहना है कि छह जनवरी को भी प्रदेश में राहुल गांधी की यात्रा की संभावना है। इसे लेकर मंथन चल रहा है और अंतिम निर्णय 25 दिसंबर तक हो सकता है। अब तक प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुरूप राहुल गांधी तीन जिलों में लगभग 100 किलोमीटर की यात्रा करेंगे।
यूपी में यात्रा को सफल बनाने में जुटे कार्यकर्ता
गाजियाबाद में हुई बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिला व शहर स्तर के पदाधिकारियों के साथ यात्रा की सफलता को लेकर योजना बनाई गई। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में भी पदयात्रा की सफलता को लेकर लगातार बैठकें चल रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन अजय सिंह यादव तथा प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव की मौजूदगी में जिला व शहर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की थी।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram