अंतरराष्ट्रीय

चीन के सैन्‍य अभ्‍यास के बीच ताइवान ने भी खोला ‘मोर्चा’, शुरू की लाइव फायर आर्टिलरी ड्रिल

ताइपे। ताइवान के मुद्दे पर अमेरिका और चीन के बीच तनातनी अपने चरम पर पहुंच गई है। चीन पिछले कुछ दिनों से ताइवान के आसपास सैन्‍य अभ्‍यास कर ताइवन पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। इस बीच खबर है कि अब ताइवान ने भी चीन के खिलाफ ‘मोर्चा’ खोल दिया है। बताया जा रहा है कि ताइवान की ओर से भी मंगलवार को लाइव फायर आर्टिलरी ड्रिल शुरू कर दी गई है। ये ड्रिल गुरुवार को भी होगी। ताइवान की इस लाइव फायर आर्टिलरी ड्रिल को चीन की बढ़ती आक्रामकता के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।
दरअसल, चीन पिछले दिनों ताइवान के दौरे पर आईं अमेरिकी हाउस की स्‍पीकर नैंसी पेलोसी की यात्रा से बेहद खफा है। चीन की सेना ने सोमवार को ताइवान के आसपास समुद्र और हवाई क्षेत्र में नए सैन्य अभ्यास की घोषणा की। चीन की ईस्टर्न थिएटर कमांड ने कहा कि वह पनडुब्बी रोधी और समुद्री हमले के अभियानों पर ध्यान केंद्रित करते हुए संयुक्त अभ्यास करेगी। ये सैन्‍य अभियान कितने दिनों तक चलेगा, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में अब ताइवान ने भी आर्टिलरी ड्रिल की शुरुआत कर चीन को साफ संदेश दे दिया है कि वह किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है।
बता दें कि चीन ने इससे पहले सैन्य अभ्यास के पहले चार दिनों के दौरान 11 छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों की फायरिंग से परे युद्धपोतों, लड़ाकू जेट और ड्रोन ने द्वीप के चारों ओर बड़े पैमाने पर युद्धाभ्यास किया था। इस सैन्य अभ्यास के समाप्त होने से कुछ समय पहले, चीन और ताइवान के लगभग 10 युद्धपोतों ने ताइवान जलडमरूमध्य की अनौपचारिक मध्य रेखा के करीब युद्धाभ्यास किया था। इस दौरान जापान ने आरोप लगाया था कि एक मिसाइल उसके क्षेत्र में भी गिरी। वहीं, ताइवान ने साफ कर दिया कि वह डरने वाला नहीं है।
इधर अमेरिका ने भी ताइवान को लेकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। अमेरिका ने कहा है कि अगर ताइवान पर चीन हमला करता है, तो उसका जवाब दिया जाएगा। अमेरिकी सेना, ताइवान के साथ खड़ी है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram