अंतरराष्ट्रीय

सीरिया में दर्दनाक हादसा, पांच मंजिला इमारत ढही; हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत

दमिश्क: सीरिया के उत्तरी शहर अलेप्पो में बुधवार को एक इमारत गिरने से तीन बच्चों समेत करीब 11 लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अलेप्पो के दक्षिणी इलाके फरदौस में अवैध रूप से बनी पांच मंजिला इमारत बुधवार शाम को ढह गई। हादसे में सात महिलाओं, तीन बच्चों और एक बुजुर्ग की मौत होने की खबर है। हादसे में दो अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर है।
आसपास की इमारतें कराई गईं खाली
हादसे के बाद सतर्कता बरतते हुए आसपास की सात इमारतों को भी इस डर से खाली करा लिया गया कि कहीं वे भी गिर न जाएं। हादसे के बाद से इमारत के मलबे के बीच तलाशी अभियान जारी है। आशंका है कि मलबे में और भी लोग दबे हो सकते हैं।
अवैध रूप से बनाई गई थी इमारत
राज्य समाचार एजेंसी, सना ने अलेप्पो नगर परिषद के प्रमुख मुइद मदलाजी के हवाले से बताया कि ढह गई इमारत अवैध रूप से बनाई गई थी और इसकी नींव कमजोर थी। उन्होंने कहा कि युद्ध के दौरान क्षेत्र को व्यापक नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि फरदौस इलाका दिसंबर 2016 तक विद्रोहियों के कब्जे में था। रूस और ईरान की सेनाओं द्वारा शहर के पूर्वी हिस्सों पर कब्जा करने के बाद करीब चार सालों तक यह इलाका विद्रोहियों के कब्जे में था।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram