राज्य

उत्तराखंड में यूपी का बिकरू कांड, UP Police पर हमला होते ही शासन में मचा हड़कंप, एडीजी पहुंचे अस्पताल

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के बिकरू कांड को बदमाशों ने उत्तराखंड में दोहराया है। उत्तराखंड के काशीपुर में यूपी एसओजी और पुलिस टीम जब खनन माफिया को पकड़ने के लिए गई तो वहां टीम पर जबरदस्त हमला किया गया। फायरिंग में पुलिस के पांच कर्मी घायल हो गए।
हमले से शासन में हड़कंप
हमले की सूचना पर शासन तक हड़कंप मच गया। शाम करीब सात बजे पुलिस अफसरों की गाड़ियां ठाकुरद्वारा की ओर दौड़ने लगी थी। सूचना मिलने के बाद उत्तराखंड के पुलिस अधिकारियों से अफसरों ने संपर्क करके मामले की जानकारी लेने शुरू कर दी। जैसे ही पुलिस कर्मियों पर हमला करने की जानकारी मिली, वैसे ही पुलिस के होश उड़ गए।
डीआइजी ने एडीजी लॉ एंड ऑर्डर को बताया पूरा घटनाक्रम
एसएसपी हेमंत कुटियाल के साथ ही डीआइजी शलभ माथुर अन्य पुलिस अफसरों के साथ ठाकुरद्वारा के लिए रवाना हो गए। हालात की जानकारी लेने के बाद डीआइजी शलभ माथुर ने एडीजी ला एंड आर्डर प्रशांत कुमार को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शासन स्तर से पुलिस कर्मियों को सुरक्षित लाने और अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
एक सिपाही के गायब होने से बढ़ी दिक्कत
इसके बाद घायल हुए चार पुलिस कर्मियों को मुरादाबाद लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान एसओजी प्रभारी रवींद्र यादव के साथ ही एक सिपाही के गायब होने की सूचना के बाद अफसर परेशान हो गए। करीब तीन घंटे बाद दोनों के सही होने की जानकारी अफसरों को मिली।
पुलिस वालों की वापसी के बाद कार्रवाई
इसके बाद उन्हें लाने के लिए यूपी बार्डर से पुलिस कर्मियों को भेजा गया। वहीं, शासन से निर्देश मिलने के बाद एडीजी बरेली जोन राजकुमार मुरादाबाद पहुंचे। उन्होंने कांठ रोड स्थित कासमास अस्पताल में जाकर पुलिस कर्मियों का हाल लिया। हालांकि, वह ठाकुरद्वारा नहीं गए। देर रात पुलिस कर्मियों की वापसी के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की।

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Response

Telegram