
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से लोक भवन में भेंट कर नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रदेश के समग्र विकास, जनकल्याण और सुशासन पर सार्थक संवाद हुआ। राज्यपाल ने अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि सभी के समन्वित प्रयासों से 2026 में उत्तराखंड प्रगति और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी राज्यपाल से भेंट की।
- मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं।
- प्रदेश के समग्र विकास और सुशासन पर सार्थक संवाद हुआ।
- राज्यपाल ने अधिकारियों के योगदान की सराहना की, प्रगति का विश्वास।
देहरादून : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से गुरुवार को लोक भवन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भेंट कर नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने भी मुख्यमंत्री को नये वर्ष की बधाई दी। इस अवसर पर प्रदेश के समग्र विकास, जनकल्याण एवं सुशासन से जुड़े विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक संवाद हुआ।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी राज्यपाल से भेंट कर नव वर्ष की बधाई दी। इसके उपरांत राज्यपाल से प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों, विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, आइटीबीपी के अधिकारियों सहित लोक भवन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भेंट कर नव वर्ष की बधाइयां दीं।इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी अधिकारियों को उनके कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं समर्पित सेवाभाव की सराहना की। प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया राज्यपाल ने अधिकारियों से सुशासन, जनसेवा तथा उत्तराखंड के समग्र एवं सतत विकास को लेकर सकारात्मक संवाद करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी के समन्वित प्रयासों से नव वर्ष 2026 प्रदेश को प्रगति, स्थिरता और जनकल्याण की नई दिशा प्रदान करेगा एवं उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, पीसीसीएफ रंजन कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।



