रिज पर वीरभद्र सिंह की कांस्य की प्रतिमा, 13 अक्तूबर को होगा अनावरण, दिल्ली से कांग्रेस का जुटेगा कुनबा

मंडी
हिमाचलियों के दिलों का राजा माने जाने वाले वीरभद्र सिंह का दीदार 13 अक्तूबर को शिमला के रिज पर होगा। छह मर्तवा राज्य के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह छह फुट की कांस्य प्रतिमा में लोगों को दर्शन देंगे। प्रतिमा अनावरण के दौरान दिल्ली से कांग्रेस का कुनवा भी रिज पर जुटेगा। इस प्रोग्राम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई मंत्री भी शामिल होंगे। इसके अलावा कांग्रेस दिग्गज प्रियंका गांधी, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल का आना तय है जबकि यूपीए की चेयरपर्सन रही सोनिया गांधी का आना उनकी सेहत पर निर्भर करेगा।
प्रतिमा स्थापना पर हुआ विवाद
रिज पर वीरभद्र प्रतिमा की स्थापना का सफर आसान नहीं रहा। प्रतिमा लगाने के लिए एनओसी से लेकर लोकेशन तय होने तक कई घमासान हुए हैं। प्रतिमा स्थापना को लेकर सबसे बड़ा विवाद 2023 में शुरू हुआ, जब भाजपा सरकार ने रिज पर ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ देने से इनकार कर दिया। कांग्रेस पार्टी में जारी आंतरिक कलह के बीच फरवरी 2024 में वीरभद्र के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
दिल्ली से लाई गई प्रतिमा
वीरभद्र सिंह का निधन 2021 में हुआ है। राजा की छह फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा दिल्ली से शिमला लाई गई है और रिज के दौलत सिंह पार्क में स्थापित की गई है। उधर, डिप्टी सीएम मुकेश अग्रिहोत्री ने बताया कि 13 अक्तूबर को वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
चार बार टला अनावरण
प्रतिमा का अनावरण इससे पहले चार बार स्थगित हो चुका है। प्रतिमा का अनावरण सबसे पहले 23 जून 2023 को वीरभद्र सिंह की जयंती पर निर्धारित था, लेकिन एनओसी विवाद के चलते रुक गया। 23 जुलाई 2023 को दूसरी कोशिश की गई लेकिन यह भी विफल रही। 2025 में नई उम्मीद तब जगी जब 23 जून को तीसरी बार प्लान किया गया, लेकिन कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर इसे 15 जुलाई तक टाल दिया गया। चौथी और अंतिम बाधा भारी बारिश बनी। 15 जुलाई का कार्यक्रम भी स्थगित हो गया।