Uncategorized

इस्लाम की बात : वक्फ और विवाद!

SG

शब-ए-बरात पर पिछले दिनों सड़कों पर निकली मुस्लिम समाज की भीड़ और कब्रिस्तानों, दरगाहों की तरफ जाते बड़ी-बड़ी गाड़ियों के काफिले, दुपहिया वाहनों पर दौड़ लगाते युवा और इबादत के लिए जाते साधारण आम मुसलमानों को देखकर तरह-तरह के ख्याल दिमाग में आए। देखकर ख्याल आया कि वैâसे इस्लाम ने इबादत के लिए सबको एक रंग में रंगा है? क्या अमीर, क्या गरीब सभी अपने परिजनों, बुजुर्गों और सभी मरहूमीन की मजारों पर फातिहा पढ़ने और शब बेदारी के लिए निकल पड़ते हैं। उनके हक में दुआएं करने के लिए, जो अपने साथ कुछ नहीं ले गए। सब कुछ यहीं धरा रह गया। हालांकि, हर कब्रिस्तान के बाहर फकीरों की लंबी कतारें दिल में बेचैनी पैदा करती हैं। कोई ऐसा निजाम नहीं बन सका कि इस गरीबी को दूर किया जा सके। जबकि जकात, फितरा, सदका जैसी दान की कई व्यवस्था इस्लाम में मौजूद है। यह फकीर उसी आस में मस्जिदों, मदरसों, दरगाहों पर बड़ी संख्या में पाए जाते हैं। गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करना हमेशा से इस्लाम के मूलभूत सिद्धांतों में से एक रहा है। इसके लिए पवित्र कुरआन और अन्य इस्लामी ग्रंथों में मुसलमानों को अपनी संपत्ति और आय का एक निश्चित हिस्सा दान में देने का आदेश दिया गया है। वक्फ भी इसी का एक रूप है। वक्फ के तहत कोई भी मुसलमान अपनी संपत्ति को धर्मार्थ कार्यों के लिए दान कर सकता है, ताकि उसकी संपत्ति का इस्तेमाल मानवता के लिए किया जा सके। वक्फ का अर्थ होता है खुदा के नाम पर अर्पित दान। ऐसे में जब कोई मुसलमान अपनी संपत्ति दान करता है तो वह सरकार द्वारा गठित वक्फ बोर्ड के अंतर्गत आ जाती है। वक्फ बोर्ड को ही वक्फ के तहत दान की गई संपत्ति के अधिग्रहण, प्रबंधन, विनियमन और उपयोग का अधिकार होता है। वक्फ की संपत्ति किसी को भी ट्रांसफर करने, बेचने, तोहफे के तौर पर देने या लीज पर देने की मनाही है। हां, ऐसा तब हो सकता है, जब बोर्ड के दो तिहाई सदस्य इसकी मंजूरी दें। बोर्ड  में एक अध्यक्ष और बतौर सदस्य २० लोग होते हैं। इनमें से कुछ की नियुक्ति केंद्र सरकार करती है। विधायक, सांसद आदि भी इसके मनोनीत सदस्य होते हैं।
यही वक्फ बोर्ड अक्सर विवादों में रहता है। चूंकि इससे धन और संपत्ति जुड़ी है तो इसे विवादित होना ही है। वक्फ बोर्ड की संपत्ति को लेकर आए दिन विवाद और चर्चाएं होती रहती हैं। ज्यादातर अवैध कब्जे को लेकर। बोर्ड पर यह आरोप लगता रहता है कि उसने कई निजी संपत्तियों को अपने कब्जे में ले लिया है। अक्सर आरोप लगते रहते हैं कि वक्फ बोर्ड अक्षम और भ्रष्ट तत्वों के गिरोह द्वारा चलाए जा रहे हैं। पूरी प्रणाली एक अशोभनीय गंदगी से प्रेरित है। देशभर में इस समय कुल १ केंद्रीय और ३२ राज्य वक्फ बोर्ड कार्यरत हैं। इन्हीं के अंतर्गत सारी वक्फ संपत्तियां आती हैं। अभी वक्फ के पास ५ लाख संपत्तियां हैं। देशभर में पैâली लगभग ६ मिलियन एकड़ वक्फ जमीन की संपत्ति दरगाहों, मकबरों, कब्रिस्तानों, ईदगाहों और इमाम बाड़ों में पैâली हुई है। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार इसकी कीमत वर्तमान बाजार दर पर तकरीबन १.२ लाख करोड़ रुपए है। इन संपत्तियों से हर साल १५० करोड़ का राजस्व हासिल होता है। सरकार का मानना है कि अगर इसका सही से इस्तेमाल हो तो यह राजस्व १,००० करोड़ रुपए तक हो सकता है। वक्फ बोर्ड का काम वक्फ संपत्तियों की देखभाल और उनकी हिफाजत करना है। हालांकि, यह एक ‘खुला रहस्य’ है कि कुछ वक्फ बोर्ड अवैध कब्जाधारियों या उनके संरक्षकों के साथ सांठ-गांठ में लिप्त रहते हैं। समस्या की असल जड़ है पारदर्शिता की कमी, प्रत्यक्ष दान का राजनीतिकरण और भाई-भतीजावाद की संस्कृति। इन्हीं कारणों के वशीभूत वक्फ बोर्ड चलाने के लिए ज्यादातर संदिग्ध पृष्ठभूमि वाले लोगों की नियुक्ति होती है। सख्त सरकारी निगरानी या नींद में डूबे मुस्लिम समुदाय के दबाव का अभाव ही तो है जो वक्फ नौकरशाही, अनेक चेयरमैन और सीईओ से लेकर संरक्षक तक वक्फ संपत्तियों को अपनी व्यक्तिगत जागीर के रूप में मानने लगे हैं। दरअसल, अवैध रूप से वक्फ संपत्तियों को बेचना-खरीदना एक फलता-फूलता कारोबार है। इसे भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा मार्ग और साधन कहा जाता है, जो शीर्ष तक जाता है। कभी घोटाला नजर में आया भी तो छोटी मछलियां पकड़ ली जाती हैं, लेकिन बड़ी मछलियां पहुंच से दूर ही रहती हैं।
कुछ साल पहले एक राष्ट्रीय पत्रिका की जांच में वक्फ संपत्ति से जुड़े मामलों को ‘हिंदुस्थान के सबसे बड़े भूमि घोटाले’ के रूप में वर्णित किया गया था। वक्फ का काम अपने मातहत आनेवाली संपत्तियों का रखरखाव है। इसमें कब्रिस्तान, कुछ मस्जिदें, मकबरे या वह जमीनें शामिल हैं, जो दान की गई हैं। इन संपत्तियों का इस्तेमाल धार्मिक उद्देश्यों के लिए ही किया जा सकता है। इस्लामी कानून में, वक्फ संपत्ति स्थायी रूप से अल्लाह को समर्पित होती है। एक बार जब संपत्ति वक्फ हो जाती है तो फिर वो मालिक के पास वापस नहीं लौट सकती है। इसमें चल, अचल और अन्य संपत्तियों का समावेश है। चल संपत्ति वक्फ के अंतर्गत, कोई भी व्यक्ति अपनी चल संपत्ति जैसे कि धन, कंपनी के शेयर या इसी प्रकार की किसी चल संपत्ति को दान दे सकता है। अचल संपत्ति वक्फ के अंतर्गत, मुस्लिम समाज के लिए अपनी अचल संपत्ति जैसे कि अपनी जमीन, घर, बिल्डिंग या इसी प्रकार की अचल संपत्तियों को दान करने का प्रावधान भी किया गया है। अन्य वक्फ के अंतर्गत, मुस्लिम समाज को अपने उपयोग में लायी गई अन्य प्रकार की वस्तुओं को भी वक्फ के अंतर्गत दान करने की सुविधा प्रदान की गई है जैसे कि कोई व्यक्ति अपनी पुस्तकें दान कर सकता है, जिससे अधिकतर लोग इसका लाभ ले सकें। इसी प्रकार कोई व्यक्ति अपने द्वारा उपयोग किए गए किसी वाहन को भी सामाजिक कार्यों के उपयोग के लिए दान दे सकता है।
लेकिन यह दान जाता कहां है? अधिकांश बड़े लोगों की झोली में। जबकि इस संपत्ति से कई सामाजिक कार्य हो सकते हैं। वक्फ संपत्तियों का इस्तेमाल पूरा समाज कर सकता है। वक्फ संपत्तियों का उपयोग मदरसों और अस्पताल बनाने आदि में किया जाए तो कितना बेहतर होता। वक्फ संपत्तियों पर खोले गए स्कूल, मदरसे, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, अनाथ आश्रम या अस्पताल से समाज के हर तबके के लोग फायदा हासिल कर सकते हैं। लेकिन जिम्मेदारान को शायद इसका एहसास नहीं है। वक्फ बोर्ड के जिम्मे कब्रगाह और मस्जिद भी होते हैं जिनका नियमानुसार रखरखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए और उनकी गैर उपयोगी जमीन का समाज के हित में इस्तेमाल होना चाहिए। इसके लिए वक्फ बोर्ड के जरिए अल्पसंख्यक वर्ग को सशक्त बनाने के लिए उन्हें सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाया जा सकता है। अगर इन जगहों पर मूलभूत सुविधाओं को विकसित किया जाए और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना से कार्य करते हुए वक्फ विभाग अपने उद्देश्यों की पूर्ति करे तो मुस्लिम समाज में काफी कुछ बदलाव लाया जा सकता है। मुस्लिम समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मदरसा शिक्षा को बेहतर बनाते हुए मदरसों का आधुनिकीकरण किया जा सकता है। इसके जरिए मदरसों में पठन-पाठन नियमित रूप से और गुणवत्तापूर्वक हो और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक और करियर काउंसलिंग के कार्यक्रम चलाए जाएं तो एक सशक्त शिक्षित मुस्लिम समाज बन सकेगा। वरना मुस्लिम समाज यूं ही राजनीतिक फुटबॉल बना रहेगा, पिछड़ेपन का रोना रोता रहेगा और वक्फ बोर्ड बस विवाद और भ्रष्टाचार के ही काम आएगा।